– अध्यक्ष, सचिव एवं बोर्ड सदस्यों ने ली पद की शपथ, नए सदस्यों का हुआ इंडक्शन
– ‘कोई बच्चा न बैठे जमीन पर’ सेवा परियोजना का शुभारंभ
उदयपुर, 22 सितंबर। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा की छठी जनरल मीटिंग का आयोजन फील्ड क्लब, उदयपुर में आयोजित हुई। समारोह में अध्यक्ष, सचिव एवं बोर्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह, नए सदस्यों का इंडक्शन तथा क्लब की नई सेवा परियोजना ‘कोई बच्चा न बैठे जमीन पर’ का शुभारंभ हुआ।
अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लिखारी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईपीएजी रोटेरियन अनिल छाजेड़, एजी रोटेरियन संगीता मुंदड़ा, अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लिखारी, सचिव रोटेरियन एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा तथा क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर एवं मेजर डोनर रोटेरियन मधु सरीन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रोटेरियन वंदना मुथा ने प्रार्थना प्रस्तुत की तथा रोटेरियन ज्योत्सना जैन ने ‘फोर-वे टेस्ट’ का वाचन किया।
अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लिखारी ने स्वागत उद्बोधन में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अतिथियों एवं क्लब सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने क्लब की ओर से अब तक किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी तथा क्लब की महत्वपूर्ण स्थायी सेवा परियोजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि क्लब के कार्यकाल 2023-24 एवं 2024-25 की ऑडिटेड बैलेंस शीट प्राप्त हो चुकी है और क्लब के जो सदस्य इसे देखना चाहें, उनके लिए उपलब्ध कराई जा सकती है।
– अध्यक्ष, सचिव एवं बोर्ड सदस्यों ने ली शपथ
डॉ. प्रीति सोगानी ने मुख्य अतिथि आईपीएजी रोटेरियन अनिल छाजेड़ का परिचय प्रस्तुत किया। इसके बाद अध्यक्ष, सचिव एवं बोर्ड सदस्यों ने अपने-अपने पद की शपथ ग्रहण की। अध्यक्ष एवं सचिव को पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. प्रीति सोगानी एवं पास्ट सेक्रेटरी नीलम दुबे ने कॉलर पहनाया। वहीं बोर्ड सदस्यों को रोटरी पिन प्रदान किए गए। क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर एवं मेजर डोनर रोटेरियन मधु सरीन ने नए सदस्यों डॉ. मधु अग्रवाल एवं प्रीति मुरदिया का इंडक्शन कराया। नव-इंडक्टेड सदस्यों का रोटरी परिवार में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एजी रोटेरियन संगीता मुंदड़ा ने दोनों नए सदस्यों को उपरना पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें रोटरी पिन वीणा सनाढ्य, रतन पामेचा एवं विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने प्रदान किए।
– ‘कोई बच्चा न बैठे जमीन पर’ सेवा परियोजना शुरू
समारोह में क्लब की नई सेवा परियोजना ‘कोई बच्चा न बैठे जमीन पर’ का शुभारंभ किया गया। क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर एवं मेजर डोनर रोटेरियन मधु सरीन ने परियोजना का शुभारंभ करते हुए पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया। इस सेवा पहल के तहत जरूरतमंद बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने की स्थिति से राहत देने के उद्देश्य से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। परियोजना के समर्थन में रोटेरियन राजकुमारी गांधी ने एक लाख रुपए तथा रोटेरियन उर्मिला जैन ने 10 हजार रुपए के सहयोग की घोषणा की।
– सेवा कार्यों की हुई सराहना
मुख्य अतिथि आईपीएजी रोटेरियन अनिल छाजेड़ ने अपने संबोधन में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा द्वारा मात्र ढाई माह की अवधि में रोटरी के विभिन्न सेवा क्षेत्रों को समाहित करते हुए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बोर्ड सदस्यों को क्लब की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा एकजुट होकर प्रभावी सामुदायिक सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। एजी रोटेरियन संगीता मुंदड़ा ने क्लब की एकजुटता एवं मजबूती की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न परिस्थितियों के बावजूद क्लब द्वारा मिल-जुलकर कार्य करना सराहनीय है। उन्होंने अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लिखारी एवं सचिव रोटेरियन एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा के प्रयासों की प्रशंसा की तथा पूरे बोर्ड के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया। मुख्य अतिथि आईपीएजी रोटेरियन अनिल छाजेड़ का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं एजी रोटेरियन संगीता मुंदड़ा को चुनरी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
– जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ पर सदस्यों का सम्मान
15 से 30 सितंबर के बीच जन्मदिन एवं विवाह वर्षगांठ मनाने वाले क्लब सदस्यों को भी समारोह में सम्मानित किया गया। जन्मदिन के पुरस्कार रोटेरियन देविका सिंघवी द्वारा प्रायोजित किए गए, जबकि विवाह वर्षगांठ के पुरस्कार रोटेरियन कुकू लिखारी एवं रोटेरियन एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा द्वारा प्रायोजित किए गए। कार्यक्रम का संचालन एमओसी रोटेरियन कविता श्रीवास्तव एवं रोटेरियन अर्चना व्यास ने किया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं योगदान के लिए दोनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रोटेरियन महेश्वरी भटनागर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम से पूर्व सदस्यों ने रोटेरियन डॉ. प्रीति सोगानी द्वारा आयोजित हाउजी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समय पर पहुंचने वाले सदस्यों के लिए पंच्युअलिटी लकी ड्रॉ तथा उपस्थित सदस्यों के लिए एक अन्य लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में रोटेरियन बृजराज राठौड़, मधु राणावत, मंजुला गेलड़ा, रागिनी शर्मा, सरिता सोनी, माया चावत, अंकिता वाधवानी, उर्मिला जैन, कोषाध्यक्ष कुसुम मेहता, मान्या बग्गा, देविका सिंघवी, अलका कोठारी, कोमल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव रोटेरियन एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, पदाधिकारियों, बोर्ड सदस्यों, क्लब सदस्यों, प्रायोजकों एवं कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। औपचारिक बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात अध्यक्ष रोटेरियन कुकू लिखारी एवं सचिव रोटेरियन एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा की ओर से फेलोशिप का आयोजन किया गया।
रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
