– शहीद भगतसिंह की जन्मजयंती के उपलक्ष्य में जी6 फार्मेसी और रक्तदाता युवा वाहिनी की पहल
उदयपुर, 22 सितंबर। शहीद-ए-आजम भगतसिंह की जन्मजयंती के उपलक्ष्य में प्रति वर्ष आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन किया गया। जी6 फार्मेसी एवं रक्तदाता युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस शिविर को लेकर आयोजकों ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर शहीद भगतसिंह को स्मरणांजलि अर्पित करने की अपील की।
जी 6 फार्मेसी के कपिल शर्मा ने बताया कि यह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का छठा वर्ष है। इस वर्ष शिविर 27 सितंबर 2026, रविवार को हिरण मगरी सेक्टर-6 स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल रोड पर त्र6 फार्मेसी परिसर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रक्तदान एक पुनीत सेवा कार्य है और इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
संयोजक अनूप औदिच्य ने बताया कि रक्तदाता युवा वाहिनी की टीम ने आमजन, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से शिविर में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि शहीद भगतसिंह की जन्मजयंती पर रक्तदान के माध्यम से उन्हें सच्ची स्मरणांजलि दी जा सकती है। शिविर में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से रक्त संग्रह बढ़ेगा और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पोस्टर विमोचन के अवसर पर रोहित जोशी, प्रदीप औदिच्य, कमलेश आचार्य, दिलीप साहू, मनीष तिवारी, हितेश शर्मा, महेश चतुर्वेदी, इंदर मेनारिया एवं अनूप औदिच्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर शिविर को सफल बनाने की अपील की।
27 सितंबर को होगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, पोस्टर का विमोचन
