अध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन सोमवार को

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

नगरीय निकाय चुनाव 2026

उदयपुर, 20 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव- 2026 के तहत निकायों के अध्यक्षीय पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार को होगी। नगर निगम उदयपुर सहित जिले की 5 अन्य नगरपालिकाओं में अध्यक्षीय पदों के लिए दो-दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम उदयपुर सहित भींडर, वल्लभनगर, कानोड़, मावली एवं फतहनगर सनवाड नगरपालिकाओं में सोमवार सुबह 10 बजे से अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान होगा। इसमें निर्वाचित पार्षदगण मतदान करेंगे। मतदान का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेग। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम जारी किए जाएंगे।

निकाय वार यह हैं प्रत्याशी : उदयपुर नगर निगम के लिए भाजपा की ओर से पारस सिंघवी एवं कांग्रेस से डॉ पूनम कुंवर अध्यक्षीय पद की दौड़ में हैं। नगरपालिका भीण्डर में भाजपा से मीना देवी तथा कांग्रेस से सुंदरलाल, नगरपालिका वल्लभनगर में कांग्रेस से रामी और भाजपा से सोवनी, नगरपालिका मावली में कांग्रेस से पुष्पा कुमारी, भाजपा से राकेश कुमार मीणा, नगरपालिका कानोड़ में कांग्रेस से रोनक स्वर्णकार व भाजपा से शिवकुमार सोनी तथा फतहनगर-सनवाड़ में भाजपा से सीमा तथा निर्दलीय ममता के बीच मुकाबला है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था : अध्यक्षीय पदों पर निर्वाचन को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से माकूल प्रबंध किए गए हैं। नगर निगम में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने की संभावनाओं के चलते कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा अनधिकृत लोगों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!