अध्यक्ष चुनाव में पार्षदों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मावली व फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के निर्वाचित पार्षदों के लिए पुलिस एस्कॉर्ट और मतदान स्थल पर पर्याप्त जाब्ता लगाने की मांग

फतहनगर। मावली एवं फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव के दौरान निर्वाचित पार्षदों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मावली ने उपखंड अधिकारी  मावली को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मावली के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार गोखरू की ओर से दिया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर वर्तमान चुनावी परिस्थितियों को देखते हुए निर्वाचित पार्षदों की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। कांग्रेस की ओर से आशंका व्यक्त की गई कि पार्षदों के अपने स्थान से मतदान स्थल के लिए रवाना होने से लेकर मतदान केंद्र तक पहुंचने के दौरान किसी प्रकार का विवाद, दबाव, धमकी, अभद्र व्यवहार अथवा अन्य अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

प्रस्थान से मतदान स्थल तक सुरक्षा की मांग.

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि निर्वाचित पार्षदों के प्रस्थान स्थल से मतदान स्थल तक पर्याप्त पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाए। साथ ही मतदान स्थल एवं उसके आसपास भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

लोकेशन को गोपनीय रखने का आग्रह

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पार्षदों की सुरक्षा एवं गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए उनके रवाना होने से ठीक पहले संबंधित थाना मावली एवं फतहनगर को इसकी सूचना दी जाएगी। पार्षदों के प्रस्थान स्थल की लोकेशन तथा सुरक्षा से संबंधित अन्य जानकारी को गोपनीय रखते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान का उद्देश्य

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि सुरक्षा की मांग का उद्देश्य किसी प्रकार के विवाद को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि निर्वाचित पार्षदों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत बिना भय, दबाव अथवा किसी व्यवधान के स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने का वातावरण उपलब्ध कराना है। ज्ञापन में प्रशासन से चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!