विश्व ओजोन दिवस 16 को, ‘ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लेनेट’ थीम पर होंगे आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पौधरोपण, निःशुल्क प्रदूषण जांच और विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
उदयपुर, 15 सितम्बर। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर 16 सितम्बर बुधवार को जिला पर्यावरण समिति उदयपुर के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत के संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष विश्व ओजोन दिवस की थीम ‘ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लेनेट’ (वैश्विक कार्रवाई से शीतल ग्रह) रखी गई है।

जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव एवं क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण मंडल विनय कट्टा ने बताया कि 16 सितम्बर 2026, बुधवार को शाम 4 बजे रिको कलड़वास चौराहा पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ओजोन परत के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ हरित आवरण को बढ़ावा देना है।

तीन दिन चलेगा निःशुल्क प्रदूषण जांच अभियान
ओजोन दिवस के तहत 16 से 18 सितम्बर 2026 तक वाहनों की निःशुल्क प्रदूषण जांच के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। फतहसागर पाल पर सुबह 8 से 11 बजे तथा शाम 3 से 6 बजे तक वाहनों की प्रदूषण जांच होगी। वहीं टाउन हॉल, उदयपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निःशुल्क प्रदूषण जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में भी 16 से 18 सितम्बर तक सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक निःशुल्क प्रदूषण जांच की जाएगी। इनमें मैसर्स पायरोटेक, मैसर्स आर्कगेट, मैसर्स टेम्पसन्स, मैसर्स रिलायंस कमोटेक्स एवं मैसर्स सेलिब्रेशन मॉल आदि संस्थान शामिल हैं।

विद्यार्थी लेंगे विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग
कार्यक्रमों में मीरा गर्ल्स कॉलेज एवं किड्जी नामक संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, फेस पेंटिंग और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें लगभग 150 से 200 विद्यार्थियों के भाग लेने की उम्मीद है। प्रतियोगिताओं के अंत में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

नगर निगम के ऑटो टिपर भी देंगे जागरूकता का संदेश
ओजोन परत संरक्षण के संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए नगर निगम के सभी ऑटो टिपर पर 16 से 18 सितम्बर तक जिंगल एवं संदेश चलाए जाएंगे। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

ऑनलाइन पोस्टर-स्लोगन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से ऑनलाइन पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक सहभागिता के लिए आमजन से अपील की गई है। पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पोर्टल्स डॉट एमओईएफ डॉट जीओवी डॉट इन तथा ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए मायजीओवी डॉट इन पर विजिट किया जा सकता है। जिला पर्यावरण समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा आमजन में ओजोन परत के संरक्षण के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना है। जिला पर्यावरण समिति ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!