मतदान प्रतिशत में ऐतिहासिक बढ़ोतरी से भाजपा का विश्वास मजबूत..गजपालसिंह राठौड़

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

जनता के आशीर्वाद से सातवें बोर्ड की राह हुई प्रशस्त — रजनी डांगी

उदयपुर। नगर निगम चुनाव में उदयपुर शहर की जनता द्वारा उत्साहपूर्वक किए गए मतदान और मतदान प्रतिशत में हुई उल्लेखनीय वृद्धि को भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र के प्रति जनविश्वास और भाजपा के प्रति जनता के मजबूत भरोसे का प्रतीक बताया है। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, जिला प्रभारी हरीश पाटीदार, उदयपुर जिला चुनाव संयोजक रजनी डांगी  ने उदयपुर की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदान के रुझान ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि शहर की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ और अधिक मजबूत हुआ है।
जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़  ने कहा कि उदयपुर की जनता ने जिस उत्साह, उमंग और जिम्मेदारी के साथ मतदान किया है, वह लोकतंत्र की मजबूती का परिचायक है। बढ़े हुए मतदान प्रतिशत से यह विश्वास और प्रबल हुआ है कि जनता ने विकास, सुशासन, राष्ट्रवाद और संगठन की नीतियों के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है।
चुनाव संयोजक रजनी डांगी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बूथ से लेकर घर-घर तक जिस समर्पण और अनुशासन के साथ जनसंपर्क किया, उसका सकारात्मक प्रभाव मतदान में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के अपार स्नेह ने भाजपा के लिए निगम में सातवां बोर्ड बनाने की संभावना को और अधिक प्रबल कर दिया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह चुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उदयपुर की जनता के विश्वास और भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिश्रम की परीक्षा थी। जिस प्रकार शहरवासियों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, उसके लिए भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक मतदाता के प्रति कृतज्ञ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को पूर्ण विश्वास है कि उदयपुर की जनता का आशीर्वाद एक बार फिर कमल के पक्ष में जाएगा और भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ नगर निगम में लगातार सातवां बोर्ड बनाकर उदयपुर के विकास की यात्रा को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा “उदयपुर की देवतुल्य जनता का विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। जनता के इस अपार स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के लिए भारतीय जनता पार्टी उदयपुर परिवार की ओर से सभी मतदाताओं का हृदय से आभार एवं अभिनंदन करती है।”
भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!