माधुलाल मेनारिया ने अपने हाथों से बनाया भोजन परोसा, सांवलिया सेठ के दर्शन का दिया आमंत्रण
मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई प्रवास के दौरान मेवाड़ के प्रवासी परिवारों से आत्मीय मुलाकात हुई। इस अवसर पर मेवाड़ क्षेत्र के हरियाखेड़ी ग्राम निवासी एवं वर्तमान में मुंबई में कार्यरत माधुलाल मेनारिया, पुत्र उदयलाल जी मेनारिया, को केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत करने और उनसे मुलाकात का अवसर मिला।
अमित शाह मुंबई प्रवास के दौरान उस परिवार के निवास स्थान पर पहुंचे, जहां माधुलाल मेनारिया लंबे समय से महाराज (कुक) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान माधुलाल मेनारिया ने अपने हाथों से तैयार किया हुआ भोजन केंद्रीय गृह मंत्री को परोसा। इस आत्मीय मुलाकात को लेकर मेनारिया परिवार और मेवाड़ के प्रवासी समाज में उत्साह का माहौल रहा।
मुलाकात के दौरान माधुलाल मेनारिया ने श्रद्धा और सम्मान के साथ अमित शाह से राजस्थान के प्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री सांवलिया सेठ मंदिर पधारकर दर्शन करने का आग्रह किया। उन्होंने सांवलिया सेठ की महिमा और मेवाड़ की धार्मिक आस्था से जुड़ी भावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया।
इस अवसर पर हरियाखेड़ी निवासी बाबूलाल पालीवाल, पुत्र देवीलाल जी पालीवाल, तथा निमोदड़ा निवासी कैलाश जी, पुत्र रंगलाल जी, भी उपस्थित रहे। सभी ने केंद्रीय गृह मंत्री के साथ हुई इस आत्मीय मुलाकात को मेवाड़ और मुंबई में रह रहे प्रवासी समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
मेहनत और पाक-कला से बनाई पहचान
माधुलाल मेनारिया पिछले कई वर्षों से मुंबई में अपनी मेहनत और पाक-कला के माध्यम से पहचान बना रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री जैसे राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता को अपने हाथों से भोजन परोसने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष सम्मान का विषय रहा। समाजजनों ने कहा कि यह क्षण केवल माधुलाल मेनारिया के लिए ही नहीं, बल्कि हरियाखेड़ी ग्राम, मेनारिया समाज और मुंबई में रहने वाले मेवाड़ी प्रवासी परिवारों के लिए भी गर्व का विषय है।
मुलाकात के बाद समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि अमित शाह आने वाले समय में मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री सांवलिया सेठ के दरबार में दर्शन के लिए पधारेंगे और मेवाड़ की पावन धरती से जुड़कर यहां की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का अनुभव करेंगे।
