हरियाणा की सस्ती शराब पर राजस्थान का नकली मोनोग्राम लगा बेच रहे थे महंगी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर की हिरणमगरी थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए रिको कलड़वास स्थित एक गोदाम पर दबिश देकर कुल 50 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब व 15 फर्जी नंबर प्लेटें, नकली मोनोग्राम मशीन और 3 वाहन जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। मौके से एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि रिको कलड़वास में स्थित एक गोदाम के अंदर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का संग्रहण किया गया है, जिसे कुछ लोग वाहनों में भरकर अन्यत्र ले जाकर बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित गति से उक्त गोदाम पर दबिश दी। गोदाम की सघन तलाशी के दौरान वहाँ विभिन्न नामचीन ब्रांड की महंगी अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर से भरे 2 कार, 1 टेम्पो तथा गोदाम के भीतर कुल 60 कार्टन अंग्रेजी शराब व 110 बीयर के टीन पाए गए। इन सभी बोतलों पर ”फॉर सेल इन हरियाणा अंकित था। जांच में सामने आया कि यह गिरोह हरियाणा एवं अन्य राज्यों से सस्ती शराब खरीदकर लाता था। इसके बाद इस गोदाम में बैठकर विभिन्न ब्रांड्स के नकली मोनोग्राम लगाने की मशीन, भिन्न-भिन्न ब्रांड के नकली मोनोग्राम, स्टीकर और राजस्थान आबकारी विभाग के नकली होलोग्राम का उपयोग कर बोतलों पर राजस्थान की फर्जी सील लगा देते थे। इस प्रकार हरियाणा की सस्ती शराब को राजस्थान की असली और महंगी शराब बताकर आमजन के साथ धोखाधड़ी कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। पुलिस ने मौके से भिन्न-भिन्न वाहनों की कुल 15 फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद कर केदार कुमार सेनानी पुत्र गोविन्दराम निवासी अम्बेडकर कॉलोनी हवामगरी सेक्टर-14 गोवर्धन विलास हाल रामसिंहजी की बाड़ी सागर स्टेट सेक्टर-11 गोवर्धन विलास उदयपुर को गिरफ्तार किया। इस फर्जीवाड़े और अवैध शराब तस्करी पर मामला दर्ज किया गया है। मौके से फरार हुए तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

नंगी तलवार लेकर घूमता शातिर आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर। जिले की फलासिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान आम रोड पर एक व्यक्ति नंगी धारदार तलवार लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया, जिससे आमजन में भय व्याप्त था। पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर अजमाल पुत्र दुदा निवासी बडोलिया बाछपुरा जिला उदयपुर को दबोचा और उसके कब्जे से अवैध धारदार तलवार को नियमानुसार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई पर थाना फलासिया पर प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!