उदयपुर। जिले में पूर्ण रूप से शांति, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर भयमुक्त वातावरण स्थापित करने के लिए उदयपुर पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ एक सघन चेकिंग व धरपकड़ महाअभियान चलाया गया। यह व्यापक कार्रवाई जिले के वृताधिकारीयों व थानाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा एक साथ व पूरी मुस्तैदी के साथ अंजाम दी गई।
इस विशेष अभियान के तहत पुलिस का मुख्य फोकस हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय अपराधियों तथा आम्र्स एक्ट (अवैध हथियार रखने व फायरिंग के मामलों) में पूर्व में चालानशुदा अपराधियों पर रहा। पुलिस टीमों ने धरातल पर उतरकर ऐसे तमाम बदमाशों को चिन्हित किया, उनकी वर्तमान गतिविधियों को खंगाला और थानों पर लाकर कड़ी पूछताछ की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध अग्नि अस्त्रों की तस्करी और उनके उपयोग पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। इसके लिए पुलिस ने रणनीतिक रूप से उन अपराधियों की सूची तैयार की जो पूर्व में आम्र्स एक्ट और हवाई फायरिंग के मामलों में जेल जा चुके हैं या चालानशुदा हैं। अभियान के दौरान जिले के सभी पुलिस थानों की टीमों ने इन चालानशुदा बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और वर्तमान में सक्रिय आपराधिक किस्म के लोगों के ठिकानों पर अचानक दबिश दी। पुलिस द्वारा उनकी गहन तलाशी ली गई, उनके पास मौजूद संदिग्ध साधनों की जांच की गई तथा उनके वर्तमान रोजगार व गतिविधियों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा इस दौरान आदतन बदमाशों को 129 बीएनएस के तहत पाबंद भी किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक सक्रियता, अवैध हथियारों का संग्रहण, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या रील बनाना और शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों और उन्हें शह देने वाले तत्वों के खिलाफ यह कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
घर में घुस कर युवती से मारपीट व छेडछाड
उदयपुर। जिले के ऋषभदेव क्षेत्र के उगमणा कोटडा में युवती के घर पर चढकर उससे मारपीट व छेडछाड करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पीडिता ने रणजीत पुत्र खेमराज मीणा अहारी, भीमराज पुत्र खेमराज मीणा अहारी वगैरह सात अन्य निवासी वाडा फला बेडाई उगमणा कोटडा तहसील ऋषभदेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें उसके घर पर चढकर मारपीट कर छेडछाड करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
लदाना में परिवार पर जानलेवा हमला
उदयपुर। जिले के फतहनगर क्षेत्र के गांव लदाना में एक परिवार पर कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सुशीला पत्नी भगवानलाल जोगी निवासी लदाना फतहनगर ने किशन पुत्र नाना, रुपलाल पुत्र नाना, शंकर पुत्र किशन, लीला पत्नी भेलीराम निवासी पोटला, प्रेमी पत्नी किशन वगैरह दस लोग निवासी लोपडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें उससे व उसकी पुत्रियों व परिवारजनों को जान से मारने की नियत से हाथों में लठ एवं पत्थर लेकर उसके घर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने और लाठी डंडों लात घुसों से 8—9 व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर घर में तोडफोड करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
फतहनगर रेलवे स्टेशन से मोटरसाइकिल चोरी
उदयपुर। जिले के फतहनगर रेलवे स्टेशन पर खडी की गई मोटरसाइकिल अज्ञात बदमाश द्वारा चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार प्रकाश पुरी पुत्र ओमपुरी गुसाई निवासी वासनी कलां गायरियावास मावली ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसने गत 25 अगस्त को तडके साढे तीन बजे अपनी मोटरसाइकिल फतहनगर रेलवे स्टेशन पर रखी थी जिसे अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। पुलिस चोर और चुराई गई मोटरसाइकिल को तलाश रही है।
जून में हुई युवक की हत्या का मामला अब दर्ज
उदयपुर। जिले के खेरवाडा क्षेत्र में जून माह में युवक की हुई हत्या का मामला दो माह बाद दर्ज कराया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश पुत्र कावाराम सकलाल नयागांव ने नारायण पुत्र गणेशलाल डामोर व मुस्कार पुत्र गणेशलाल डामोर निवासी खानगीन व मनीष निवासी कानुवाडा, जितेंद्र निवासी कागदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि वह 17 जून को रोहनवाडा फला नया गांव गया हुआ थ्ज्ञा। शादी होने के बाद उसका छोटा भाई विक्रम अपनी दूसरी मौसी के बेटे के साथ अलग अलग मोटरसाइकिल पर रोहनवाडा फला नया गांव से रवाना होकर अन्य मौसी के घर खानमीन पहुंचे तथा उक्त चोरों आरोपियों ने मिलकर उसके छोटे भाई विक्रम के साथ मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
राडाजी चौराहा से पल्सर बाईक चोरी
उदयपुर। शहर के अंबामाता थानांतर्गत राडाजी चौराहा से एक पल्सर बाईक अज्ञात बदमाश द्वारा चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार श्यामसुंदर चौबीसा पुत्र शिवनारायण चौबीस निवासी मुरलीघरजी की मंदिर की गली भीण्डर हाल कोठारियों का मोहल्ला उत्तरी आयड ने दी रिपोर्ट में बताया कि गत 31 अगस्त को सायं साढे छह बजे राडाजी चौराहा से अज्ञात चोर उसकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चुरा ले गया। पुलिस चोर और चुराई गई पल्सर बाईक ढूंढने में लगी है।
बहन—भाई के खिलाफ धोखाधडी करने का आरोप
उदयपुर। शहर के हिरणमगरी क्षेत्र में युवक के साथ धोखाधडी करने के संबंध में आरोपी बहन व भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार विशाल मेनारिया पुत्र सुरेश मेनारिया निवासी घाटी की मगरी पानेरियों की मादडी ने पूजा साहू पुत्री चंद्रशेखर साहू निवासी न्यू आदर्श नगर सेंट्रल एरिया गायरियावास व उसके भाई रौनक साहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा उसके साथ धोखाधडी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सेलिब्रेशन मॉल से मोटरसाइकिल चोरी
उदयपुर। शहर के सलिब्रेशन मॉल के यहां से अज्ञात बदमाश द्वारा मोटरसाइकिल चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मनीष पटेल पुत्र किशनलाल पटेल निवासी सबलपुरा सुखेर ने दी रिपोर्ट में बताया कि 26 अगस्त को उसने अपनी मोटरसाइकिल सेलिब्रेशन मॉल के यहां खडी थी। अंदर से वापस बाहर आया तो उसे अपनी मोटरसाइकिल नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी उसके बारे में कहीं पता नहीं चला। पुलिस चोर और चुराई गई मोटरसाइकिल को तलाश रही है।
गांव वालों से बिना पूछे प्रसादी करना पडा महंगा, सामाजिक बहिष्कार
उदयपुर। जिले के गोगुंदा थानांतर्गत भेरुजी बावजी मंदिर में गांव वालों से बिना पूछे प्रसादी करना एक परिवार के लिए बडा महंगा पडा। गांव वालों ने उसका व उसके भाई का सामाजिक बहिष्कार कर आने जाने पर रोक लगा दी। पुलिस के अनुसार गणेशसिंह राजपूत पुत्र नानसिंह राजपूत निवासी नेेतावतों की भागल भुताला गोगुंदा ने किशोर सिंह पुत्र मानसिंह राजपूत निवासी नेतावतों की भागल, तेजसिंह पुत्र उदयसिंह राजपूत निवासी नेतावतों की भागल गोगुंदा वगेरह नो जनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि उसके द्वारा स्थानीय नेतावतों की भागल में स्थित भेरुजी बावजी के मंदिर में 25 मई को प्रसादी का आयोजन किया गया जिसको लेकर आरोपियों ने पंचायत बुलाकर बिना गांव वालों को पूछे प्रसादी करने का आरोप लगाकर उसे व उसके भाई का सामाजिक बहिष्कार कर कही भी आने जाने पर रोक लगा दी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सूने घर से नगदी व जेवरात चोरी
उदयपुर। शहर के हिरणमगरी सेक्टर—3 क्षेत्र में एक सूने मकान से अज्ञात बदमाश नगदी व जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस के अनुसार नवनीत पालीवाल पुत्र लक्ष्मीलाल पालीवाल निवासी धूलकोट चौराहा बोहरा गणेश मार्ग ने दी रिपोर्ट में बताया कि सेक्टर—3 स्थित उसके मकान में दो सितम्बर को अज्ञात चोर घुसकर नगदी व लाखों रुपए कीमत के जेवरात चुरा ले गए। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
जहरली वस्तु खाने से युवती की मौत
उदयपुर। जिले के बेकरिया क्षेत्र में युवती द्वारा जहरीली वस्तु खाने से उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार धरमाराम पुत्र भीमाराम गरासिया निवासी बसंतगढ सिरोही ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी जोशना कुमारी गरासिया 19 द्वारा जहरीली वस्तु खाने से उसकी तबियत खराब हो गई। उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में जहरीली वस्तु खाने के कारणों का पता नहीं चलां। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
