बीसीआई और पैसिफिक कॉलेज की पहल, 26 सितंबर को उदयपुर के व्यापारियों के लिए निःशुल्क फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी वर्कशॉप
उदयपुर। बाजार अब सिर्फ दुकानों, शो-रूम और दफ्तरों में नहीं सजता, वह मोबाइल की छोटी-सी स्क्रीन पर भी उतनी ही तेजी से आकार लेता है। ग्राहक की उंगली स्क्रॉल करते-करते जहां ठहर जाए, वहीं से कारोबार की नई कहानी शुरू होती है।
कभी कोई शानदार तस्वीर ध्यान खींचती है, तो कभी कुछ सेकंड का प्रभावी वीडियो ग्राहक को खरीदारी के फैसले तक ले जाता है। इसी बदलती कारोबारी संस्कृति को समझते हुए बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) और पैसिफिक कॉलेज, उदयपुर व्यापारियों और उद्यमियों के लिए एक विशेष फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी वर्कशॉप आयोजित कर रहे हैं।
वर्कशॉप 26 सितंबर को चित्रकूट नगर स्थित पैसिफिक कॉलेज में दोपहर 2 से 4 बजे तक होगी। इसका संचालन वरिष्ठ फोटो पत्रकार राकेश शर्मा ‘राजदीप’ करेंगे।
बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी के अनुसार आज किसी प्रोडक्ट की पहली मुलाकात ग्राहक से अक्सर मोबाइल स्क्रीन पर ही होती है। इसलिए कारोबार की सफलता में कैमरे की भूमिका अब केवल तस्वीर दर्ज करने तक सीमित नहीं रही। सही रोशनी, सही एंगल और प्रभावी फ्रेम कई बार वही काम कर जाते हैं, जो लंबे विज्ञापन भी नहीं कर पाते।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को मोबाइल कैमरे से बेहतर प्रोडक्ट फोटोग्राफी, लाइटिंग, फ्रेमिंग, कंपोजिशन, वीडियो शूटिंग और सोशल मीडिया के लिए प्रभावी विजुअल कंटेंट तैयार करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि तस्वीर में क्या दिखे, कितना दिखे और वीडियो के शुरुआती कुछ सेकंड इतने असरदार कैसे बनें कि ग्राहक आगे देखने को मजबूर हो जाए।
ज्वेलरी हो या फैशन, होटल-रेस्टोरेंट, फूड, रियल एस्टेट, इंटीरियर, रिटेल या सर्विस सेक्टर—हर क्षेत्र में बेहतर विजुअल प्रस्तुति कारोबार की पहचान को नया आयाम दे सकती है।
कार्यशाला व्यापारियों, उद्यमियों, स्टार्टअप फाउंडर्स और बिजनेस प्रोफेशनल्स के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। कार्यक्रम के बाद हाई टी भी आयोजित होगी।
आयोजकों का संदेश भी सीधा है—अच्छा उत्पाद बनाना जरूरी है, लेकिन उसे इस तरह दिखाना उससे भी ज्यादा जरूरी हो गया है कि तस्वीर खुद बोले और वीडियो खुद बिक्री की राह खोल दे।
