विश्वविद्यालय मार्ग पर यूडीए ने सील की बारह दुकानें

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। उदयपुर विकास प्राधिकरण यूडीए की ओर से गुरुवार को कार्रवाई करते हुए आवासीय परिसर में संचालित बारह दुकानों को सील किया गया। दुकानों के संबंध में यूडीए को लगातार शिकायतें मिल रही थी। दुकानों के बाहर मुख्य सडक पर आए दिन जाम के चलते यातायात भी बाधित हो रहा था। यूडीए की इस कार्र्वाई से क्षेत्रीय व्यापारियों में हडकंप मच गया। यूडीए ने कार्रवाई विश्वविद्यालय मार्ग पर स्थित दया नाश्ता व फास्ट फूड सेंटर से शुरू की। इस लाइन के बाद अंदर की तरफ शोभागपुरा 100फीट रोड पर स्थित दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। एक दुकान बंद मिलने पर उसके संचालक को बुलाया गया लेकिन वह नहीं आया। तब यूडीए टीम ने बाहर की जाली वाले फाटक से ही दुकान को सील किया। यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि आवासीय भूखंडों पर दुकानों का निर्माण कर उनमें व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थी। इस संबंध में यूडीए द्वारा पूर्व में भूखंड स्वामियों को नोटिस भी जारी किए गए थे। इसके अलावा सडक पर जाम की समस्या को गंभीरता से देखते हुए दुकान संचालकों समझाईश करते हुए सडक सीमा में ही रहने को पाबंद किया गया था। स्थानीय लोगो की शिकायत की गई कि दुकानों पर आने वाले ग्राहकों द्वारा मुख्य सडक पर ही अपने वाहन खडे कर दिए जाते है, जिससे विश्वविद्यालय की तरफ जाने वाले रास्ते पर जाम की स्थिति बनने के साथ ही यातायात बाधित होता है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए यूडीए टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए सभी बारह दुकानों को सील करते हुए उन पर नोटिस भी चस्पा किए गए। इस दौरान यूडीए की कार्रवाई को देखने राह चलते लोगों की भीड जुट गई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!