डीपीएस, उदयपुर की अदविका सरुपरिया ने भारतीय टीम के साथ जीता कांस्य पदक

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल,उदयपुर की होनहार शतरंज खिलाड़ी अदविका सरुपरिया ने सिंगापुर में आयोजित 24वीं आशियान आयु वर्गीय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को टीम स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाकर देश का नाम रोशन किया।
7 से 17 अगस्त तक सिंगापुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अदविका ने अंडर-20 वर्ग में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता की क्लासिकल, रैपिड एवं ब्लिट्ज स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर टीम स्पर्धा का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता में कुल 32 देशों के 777 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
अदविका की इस शानदार उपलब्धि पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे लिए यह अत्यंत गर्व की बात है कि हमारे विद्यालय की प्रतिभावान खिलाड़ी ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए जीत हासिल कर राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। प्राचार्य संजय नरवरिया एवं उपप्राचार्य राजेश धाभाई ने खिलाड़ी व उसके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ  कीं। अदविका की उपलब्धि युवा शतरंज खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। समस्त शिक्षकगणों तथा विद्यालय परिवार ने अदविका एवं अभिभावको को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ दी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!