नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन की ओर कदमः ए वन स्कूल में विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मंगलवार को आयड़ स्थित ए वन सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम एवं सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। आरोग्य सेवा संस्था द्वारा संचालित जिला नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
जिला नशा मुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विजयपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे साथियों के दबाव में आकर किसी भी प्रकार के नशे की शुरुआत न करें और हर व्यसन को दृढ़ता से ‘ना’ कहना सीखें।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योति खेमेसरा ने कहा कि किशोरावस्था में मिलने वाला सही मार्गदर्शन युवाओं के भविष्य को सकारात्मक दिशा दे सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त भारत और नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर नारायण सिंह, सुदर्शन सिंह, सागर बिलोची, राजवीर डामोर, रीना देवी एवं हर्षवर्धन सिंह सहित विद्यालय का शिक्षक-शिक्षिका वर्ग एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!