उदयपुर, 17 अगस्त। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मदार में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 मेधावी विद्यार्थियों को भंडारी क्लब की ओर से पारितोषिक, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान की यह प्रेरणादायी परंपरा स्वर्गीय ख्याली बाई जी एवं स्वर्गीय वक्तावर लाल जी सेठ की स्मृति में वर्ष 2014 में शुरू की गई थी, जो आज भी निरंतर जारी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सम्मान की इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एक नई पहल भी की गई। मगनलाल एवं दाख बाई जी धाकड़ की स्मृति में विद्यालय के सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्रा सुश्री साक्षी सुथार एवं यश कुमार को उनके पौत्र राजेश एवं श्वेता धाकड़ द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस पहल ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में शिक्षा और प्रतिभा के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत किया। इसी क्रम में डूंगर सिंह सियाल, फतेहनगर की ओर से 22 विद्यार्थियों को ज्योमेट्री बॉक्स प्रदान किए गए। वहीं अजय सिंह पाणिगड़िया एवं आदित्य चोरड़िया द्वारा अपने पुत्रों विहान एवं जियान के माध्यम से विद्यालय के सभी करीब 400 बालक-बालिकाओं को पेंसिल एवं कलर के पैकेट वितरित किए गए।
समारोह में शांतिलाल भंडारी, नरसिंह भंडारी, हेमंत भंडारी, ललित भंडारी, लतिका भंडारी, सुनीता भंडारी, अमर सिंह सेठ, श्याम सुंदर सेठ, मुदित भंडारी, पारस देवी सियाल एवं रुद्र कुमार सियाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सरपंच श्रीमती लक्ष्मी देवी, निर्मला जी कंठालिया, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी सहित क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित नागरिकों ने भी समारोह में सहभागिता की।
विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन लता वया, मीनाक्षी चौबीसा एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
प्रतिभाशाली 24 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की अनूठी पहल
