वैश्विक अवसरों की राह दिखाने रेखा सोमानी फाउंडेशन पहुंचे आर्सेलर मित्तल के सीएफओ रमेश कोठारी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 17अगस्त। रेखा सोमानी फाउंडेशन में आर्सेलरमित्तल के मुख्य वित्तीय अधिकारी  रमेश कोठारी के दौरे से विद्यार्थियों को वैश्विक करियर अवसरों और सफलता के नए आयामों की जानकारी मिली। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें बड़े सपने देखने, निरंतर सीखने और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया।
फाउंडेशन परिसर पहुंचने पर मैनेजिंग ट्रस्टी सीए देवेन्द्र कुमार सोमानी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रमेश कोठारी का स्वागत किया। कार्यक्रम में सीए अंकित जैन, सीए अंशु माहेश्वरी, सीए रिद्धि जैन एवं कुणाल साहू भी उपस्थित रहे।
संवाद सत्र में रमेश कोठारी ने विद्यार्थियों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध शिक्षा, करियर एवं विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर सफलता के लिए विषयगत ज्ञान के साथ संचार कौशल, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत आवश्यक है। उन्होंने अपने जीवन एवं कॉरपोरेट अनुभव साझा करते हुए कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और सही दिशा में किए गए प्रयासों को सफलता की कुंजी बताया।
मैनेजिंग ट्रस्टी सीए देवेन्द्र कुमार सोमानी ने कहा कि रमेश कोठारी जैसे वैश्विक नेतृत्वकर्ता का फाउंडेशन में आकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना गौरव की बात है। उनके अनुभव और सुझाव छात्रों को व्यापक दृष्टिकोण अपनाने तथा भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने में प्रेरणा देंगे।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने रमेश कोठारी का आभार व्यक्त किया। प्रेरक संवाद ने छात्रों में आत्मविश्वास और वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!