विभाजन की विभीषिका के कड़वे अनुभवों को प्रदर्शनी के माध्यम से किया याद

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 14 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में टाउन हॉल स्थित शहीद स्मारक हॉल में विशेष प्रदर्शनी ‘भारतका विभाजन स्मृतियां, पीड़ा और जिजीविषा’ का आयोजन हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश के विभाजन से जुड़े इतिहास, उस दौर की पीड़ा और विस्थापन के कड़वे अनुभवों को छायाचित्रों एवं विभिन्न दस्तावेजों के माध्यम से जाना।

प्रदर्शनी में देश के विभाजन के समय की परिस्थितियों, आमजन के संघर्ष, विस्थापन और उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई कठिनाइयों से संबंधित दुर्लभ छायाचित्र एवं दस्तावेज प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को विभाजन के दौरान घटित घटनाओं तथा उससे उपजी मानवीय त्रासदी से अवगत कराने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे आमजन ने विभिन्न छायाचित्रों एवं दस्तावेजों को देखा और विभाजन के दौर में अपने घर-परिवार, संपत्ति एवं मातृभूमि से विस्थापित हुए लोगों के संघर्ष और पीड़ा को समझा। प्रदर्शनी में प्रदर्शित सामग्री ने उस दौर की भयावह परिस्थितियों की स्मृतियों को जीवंत किया और लोगों को इतिहास के उस अध्याय से रूबरू कराया। इस अवसर पर अवलोकनकर्ताओं ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!