उदयपुर। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में बुधवार को दिनभर बारिश की झडी लगी रही। सुबह से शाम तक दो इंच बारिश दर्ज की गई। दिनभर बादलों से आसमान ढका रहने और बारिश के चलते तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई। उधर पानी की लगातार आवक के चलते जल संसाधन विभाग द्वारा उदयसागर के गेट खोल दिए गए। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में मंगलवार रात में हल्की बारिश के बाद बुधवार को भी सुबह से शाम तक रूक रूक कर बारिश की झडी लगी रही। कभी धीमी और कभी तेज चली बारिश दिन भर होती रही। बीच बीच में कुछ कुछ देर के लिए ब्रेक भी लगा। दिन भर आसमान बादलों से ढका रहने से वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम कार्यालय डबोक के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री दर्ज किया गया जो मंगलवार को क्रमश: 32.9 डिग्री व 23.4 डिग्री था। बीते चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 डिग्री व न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट आई। वहीं बुधवार को सुबह 8.30 बजे तक बीते चौबीस घंटों के दौरान 17.2 मिमी और बुधवार सुबह 8.30 बजे से सायं 5.30 बजे तक 50.1 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। पानी की आवक के चलते उदयसागर का जलस्तर बढकर 21 फीट पहुंचने के बाद जल संसाधन विभाग द्वारा बुधवार को उदयसागर बांध के दो गेट 3—3 इंच खोल दिए गए। उदयसागर क्षेत्र में दो इंच बारिश हुई है।
उदयपुर में दो इंच बारिश, उदयसागर के गेट खोले, तापमान गिरा
