अगस्त क्रांति दिवस एवं विश्व आदिवासी दिवस पर गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि, शहीदों को किया नमन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर, 9 अगस्त 2026 अगस्त क्रांति दिवस एवं विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार प्रातः गुलाब बाग स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता तथा महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक पंकज कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं महात्मा गांधी की तस्वीर पर सूत की माला अर्पित कर की। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने “रघुपति राघव राजा राम” एवं “वैष्णव जन तो तेने कहिए” जैसे महात्मा गांधी के लोकप्रिय भजनों का सामूहिक गायन किया।
इसके पश्चात अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन एवं विश्व आदिवासी दिवस विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि 9 अगस्त भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। वर्ष 1942 में इसी दिन महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान करते हुए देशवासियों को ‘करो या मरो’ का मंत्र दिया था। इस आंदोलन ने देश की आजादी के संघर्ष को निर्णायक दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस देश के आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद करने का अवसर है। आदिवासी समाज ने देश की स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग अनवर अली को गांधी टोपी पहनाकर एवं सूत की माला भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात करने तथा उनके बताए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर फ़िरोज़ अहमद शेख, अब्दुल अज़ीज़, संदीप गर्ग, ओंकार सोलंकी, निलपेश गरासिया, सिमरन, रजनी, महेश, रोबिन, मोहित, नितेश सर्राफ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री स्व. खेमराज कटारा की 20वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि-इसके पश्चात कांग्रेस मीडिया सेंटर, रक्षाबंधन, धानमंडी में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय खेमराज कटारा की 20वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. खेमराज कटारा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं जनसेवा के कार्यों को स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. खेमराज कटारा ने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के लिए कार्य किया तथा जनसेवा को सदैव प्राथमिकता दी। उनके योगदान और जनसेवा के कार्यों को सदैव याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. खेमराज कटारा के आदर्शों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!