खेलो इंडिया अस्मिता सॉफ्ट टेनिस महिला लीग 22 अगस्त को

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

विजेता खिलाड़ी करेंगे राज्य स्तर पर उदयपुर का प्रतिनिधित्व
उदयपुर, 7 अगस्त। खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा महिलाओं में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ओलंपिक एवं एशियाई खेलों के लिए मजबूत खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से खेलो इंडिया अस्मिता सॉफ्ट टेनिस महिला लीग का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उदयपुर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 22 अगस्त को महाराणा प्रताप खेलगांव में राजस्थान एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस संघ एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

जिला संघ की सचिव भावना बत्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए राष्ट्र स्तरीय निर्णायक भैरु सिंह राठौड़ को प्रतियोगिता संयोजक तथा प्रशिक्षक खेमराज गमेती को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता में जिले की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता अंडर-15, अंडर-18 एवं सीनियर वर्गों में आयोजित की जाएगी तथा प्रत्येक वर्ग की विजेता खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उदयपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक सभी महिला खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण से पूर्व खिलाड़ियों को डिजिलॉकर के माध्यम से अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। इसके पश्चात भारतीय खेल प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सफल पंजीकरण के बाद प्राप्त स्क्रीनशॉट को सुरक्षित रखना भी आवश्यक रहेगा, जिसे प्रतियोगिता के समय प्रस्तुत करना पड़ सकता है।

आयोजन समिति ने जिले की सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल अकादमियों एवं प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल सके। खेलो इंडिया अस्मिता लीग का उद्देश्य महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना, उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करना है।

इस अवसर पर एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए जापान रवाना हुई। टीम के खिलाड़ियों को स्थानीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!