-लायंस क्लब उदयपुर अशोका की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
-लायन धर्मवीर सिंह देवल ने क्लब अध्यक्ष, लियो क्लब से भूमि त्रिवेदी ने ली अध्यक्ष पद की शपथ
उदयपुर। लायंस क्लब उदयपुर अशोका की नई कार्यकारिणी (लायन वर्ष 2026-27) का शपथ ग्रहण समारोह देवाली स्थित लायंस क्लब भवन में आयोजित किया गया। समारोह में लायन धर्मवीर सिंह देवल ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ सचिव लायन समीर रोहिड़ा, कोषाध्यक्ष लायन मनीष जैन, उपाध्यक्ष लायन श्रीचंद खथूरिया तथा अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
निवर्तमान अध्यक्ष लायन मुकेश माधवानी ने बताया कि लायंस क्लब उदयपुर अशोका द्वारा प्रायोजित लियो क्लब उदयपुर अशोका युवा का चार्टर प्रेजेंटेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें अध्यक्ष लियो भूमि त्रिवेदी, सचिव लियो दिग्विजय सिंह रजक तथा कोषाध्यक्ष लियो रजत अरोड़ा ने पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत लायन अनिल वैष्णव, लायन विनोद अग्रवाल, लायन मुकेश शर्मा एवं लायन नीलेश डोडेजा सहित अन्य सदस्यों ने किया।
निवर्तमान अध्यक्ष लायन मुकेश माधवानी ने गत वर्ष सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लायन श्रीचंद खथूरिया, लायन मनीष जैन, लायन धर्मवीर सिंह देवल, लायन शगुन जैन, लायन अज़ीज़ अली, लायन भुवनेश्वर माथुर, लायन पंकज जानी एवं लायन समीर रोहिड़ा को सम्मानित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति कर्नल प्रोफेसर शिवसिंह सारंगदेवोत ने क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्लब आने वाले समय में भी इसी उत्साह के साथ सेवा कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं भी लायंस क्लब की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ लायन नीलेश डोडेजा, लायन पंडित धीरज वैदिक एवं लायन कलावती काबरा ने भी क्लब की सदस्यता ग्रहण की।
क्लब की पदस्थापना एमजेएफ लायन अनिल नाहर ने कराई। उन्होंने लायंस क्लब एवं लियो क्लब, दोनों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सेवा गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए लायन मुकेश माधवानी को इंटरनेशनल ट्रॉफी प्रदान की। साथ ही लायन अरुण चौबीसा, लायन अनिल माथुर एवं लायन त्रिभुवन सिंह राव को इंटरनेशनल एवं मल्टीपल सर्टिफिकेट और पिन देकर सम्मानित किया।
जीएमटी एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर लायन राजेश शर्मा को क्लब की गतिविधियों में विशेष सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। निवर्तमान सचिव लायन श्रीचंद खथूरिया ने पिछले वर्ष क्लब द्वारा आयोजित सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन धर्मवीर सिंह देवल ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित सेवा कार्यों के साथ क्लब इस वर्ष 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर कार्य करेगा।
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित सचिव लायन समीर रोहिड़ा ने मुख्य अतिथि, सभी विशिष्ट अतिथियों, स्थानीय लायंस क्लबों से पधारे पदाधिकारियों, क्लब के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन करने के लिए लायन उमेश मेनारिया का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
लायन धर्मवीर सिंह देवल ने क्लब अध्यक्ष, लियो क्लब से भूमि त्रिवेदी ने ली अध्यक्ष पद की शपथ
