स्नेहलता मेहनोत की अंतिम इच्छा का परिजनों ने किया सम्मान, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज में संपन्न हुआ देहदान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– देहदान से अमर हुई सेवा की भावना, महावीर इंटरनेशनल ने जोड़ा एक और स्वर्णिम अध्याय
उदयपुर, 28 जुलाई। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र की सेवा यात्रा में मंगलवार को एक और प्रेरणादायी अध्याय जुड़ गया। नीमच निवासी स्वर्गीय श्रीमती स्नेहलता मेहनोत के निधन के बाद उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए परिजनों ने गीतांजलि मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में उनका देहदान कराया। इस निर्णय ने मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय संदेश दिया।
संस्था अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि मेहनोत का 27 जुलाई को उपचार के दौरान निधन हो गया था। उन्होंने जीवनकाल में ही देहदान का संकल्प लिया था, जिसे उनके परिवार ने पूर्ण कर समाज के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सांसें भले थम जाती हैं, लेकिन समाजहित में किया गया कार्य सदैव जीवित रहता है। श्रीमती मेहनोत सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में सक्रिय रहती थीं और जनकल्याण के कार्यों में विशेष रुचि रखती थीं।
रविंद्र सुराणा ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल उदयपुर ने पिछले आठ महीनों में तीन देहदान, पाँच नेत्रदान तथा सात रक्तदान शिविर आयोजित कर 900 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया है। संस्था लगातार अंगदान, नेत्रदान, देहदान एवं रक्तदान के प्रति जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेडिकल विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना, अंगों, मांसपेशियों, नसों एवं हड्डियों का व्यावहारिक अध्ययन वास्तविक मानव शरीर पर ही संभव होता है, जिससे वे भविष्य में कुशल चिकित्सक और सर्जन बनते हैं। इस दृष्टि से देहदान चिकित्सा शिक्षा की आधारशिला माना जाता है।
उन्होंने बताया कि श्रीमती स्नेहलता मेहनोत की इच्छा अंगदान करने की भी थी, लेकिन चिकित्सकीय एवं तकनीकी कारणों से यह संभव नहीं हो सका। इसके बावजूद उनका देहदान अनेक भावी चिकित्सकों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण स्रोत बनेगा और अप्रत्यक्ष रूप से असंख्य लोगों के जीवन को लाभ पहुंचाएगा।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर ने इस अवसर पर श्रीमती स्नेहलता मेहनोत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के इस महान निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा, सचिव वीर सुरेशचन्द्र बड़ीवाल, कोषाध्यक्ष वीर अशोक खुर्दिया, जोन सचिव वीर राजकुमार नलवाया, वीर संजय बड़ाला, वीर कमलकुमार जैन, वीर राजेन्द्र भंडारी, वीर दिलीप सुराणा, डॉ. संपत श्यामसुखा सहित संस्था के सदस्य एवं दिवंगत के परिजन उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!