देवस्थान विभाग का ‘‘गुरू वंदन कार्यक्रम’’

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-गुरू पूर्णिमा पर संतों का वंदन एवं सम्मान
-प्रदेश में गुरू पूर्णिमा पर 516 संतो का सम्मान व अभिनंदन
उदयपुर, 28 जुलाई। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग द्वारा गुरू पूर्णिमा पर  29 जुलाई को सम्पूर्ण प्रदेश में संतो और महंतों का सम्मान किया जाएगा। देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी के अनुसार गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेश के समस्त जिलों में ‘‘गुरू वंदन कार्यक्रम’’ के तहत 516 संतो – महंतों का उनके आश्रम, मठ अथवा मंदिर पर जाकर सम्मान एवं अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का विशेष ‘‘गुरू वंदन संदेश’’ भेंट किया जाएगा। देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने भी गुरू पूर्णिमा पर ‘‘गुरू वंदन कार्यक्रम’’ द्वारा गुरूजनों व संतो का वंदन करते हुए शुभकामनाएं दी है।
देवस्थान विभाग द्वारा गुरू पूर्णिमा पर संतों के सम्मान में आयोजित किए जाने वाले गुरू वंदन कार्यक्रम के लिए जिलेवार अधिकारियों को नियुक्त किया गया है जो संबंधित क्षेत्रों में चिन्ह्ति मठ – मंदिरों पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन की उपस्थिति में पहुंचकर संत – महंतो का सम्मान व अभिनन्दन करेंगे।
अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गितेश श्री मालवीया ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार गुरू पूर्णिमा पर संतों – महंतों के सम्मान कार्यक्रम को पूर्ण श्रद्धाभाव व गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। भारतीय संस्कृति में गुरू पूर्णिमा का दिवस गुरू, संतो एवं महंतों के सम्मान एवं अभिनंदन का पर्व है जिसके माध्यम से समाज द्वारा संतों के प्रति सम्मान व श्रद्धा का भाव प्रकट किया जाता है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत एवं महंत को सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ‘‘गुरू वंदन संदेश’’, श्रीफल, शाॅल, दुपट्टा, मिठाई, 2100 रूपए नकद भेंट कर अभिनंदन किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!