– कैट की राष्ट्रीय व्यापारिक बैठक से ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान का राष्ट्रव्यापी आह्वान
– दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारिक बैठक में उदयपुर के मनीष गलूंडिया व विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने लिया भाग
उदयपुर, 27 जुलाई। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारिक बैठक नई दिल्ली में सम्पन्न हुई, जिसमें देशभर के 200 से अधिक वरिष्ठ व्यापारी नेताओं, उद्योग प्रतिनिधियों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े समसामयिक विषयों, व्यापारियों के हितों, आर्थिक चुनौतियों, डिजिटल व्यापार, एमएसएमई सशक्तिकरण तथा देश के आर्थिक विकास में व्यापार समुदाय की भूमिका पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
कैट के नेशनल गवर्निंग काउंसिल मेंबर एवं कैट मेवाड़ रीजन इंचार्ज मनीष गलूंडिया ने बताया कि बैठक में आगामी 12 से 15 अगस्त, 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 की तैयारियों एवं उसके सफल आयोजन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। यह महोत्सव भारत में निर्मित उत्पादों, सेवाओं, नवाचारों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, तकनीकी तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का देश का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजन होगा। महोत्सव में देशभर से हजारों उद्यमी, व्यापारी एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान को देशव्यापी जनआंदोलन के रूप में संचालित करने का रहा।
कैट नेशनल संयुक्त सचिव एवं मेंबरशिप एवं नेटवर्किंग कन्वीनर, कैट नेशनल वूमेन विंग विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक व्यापारी की श्रद्धा, सम्मान और कर्तव्य भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभर के बाजारों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेंगे तथा भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 भारत में निर्मित उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने महिला उद्यमियों से इस अभियान एवं भारतीय व्यापार महोत्सव में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उदयपुर में तिरंगा वितरण, जन-जागरूकता कार्यक्रम, महिला व्यापारियों की बैठकें तथा राष्ट्रभक्ति आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला शक्ति की सहभागिता को सशक्त बनाते हुए युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूती प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय सदैव राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह राष्ट्रव्यापी अभियान देश के प्रत्येक व्यापारी को राष्ट्रहित से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 न केवल भारतीय व्यापार और उद्योग को नई दिशा प्रदान करेगा, बल्कि भारत के स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
भारतीय व्यापार महोत्सव 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में होगा आयोजित
