21 जुलाई से 31 अगस्त तक लगेंगे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के फॉलो-अप कैंप

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

राज्य सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश
शेष कार्यों के त्वरित निस्तारण और लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने पर रहेगा फोकस
उदयपुर, 20 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेश भर में चलाए गए शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों की निरंतरता बनाए रखने और मुख्य अभियान के दौरान लंबित रहे कार्यों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से 21 जुलाई से 31 अगस्त, 2026 तक फॉलो-अप शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। राजस्व (ग्रुप-5) विभाग एवं स्वायत्त शासन विभाग ने इस बाबत् सभी संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलक्टरों को इन शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश  जारी कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में 12 जून से 15 जुलाई, 2026 तक चले मुख्य अभियान की निरंतरता में इन फॉलो-अप शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि छूटे हुए कार्यों को पूरा किया जा सके। फाॅलोअप कैम्प में राजस्व विभाग सहित कुल 22 विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों का संपादन किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों  में मुख्य अभियान के दौरान शिविर शेष रह गए थे, वहां पहले मुख्य शिविर आयोजित किए जाएंगे और फिर 31 अगस्त से पहले फॉलो-अप कैंप लगाए जाएंगे। आदेश के अनुसार, फॉलो-अप शिविरों में मुख्य अभियान के दौरान शेष रहे कार्यों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक लाभार्थी का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करने, विभागवार संपादित कार्यों, सफलता की कहानियों और समाचारों का संकलन कर जिला स्तर पर प्रकाशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिविरों के दौरान आमजन से प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर उन्हें क्रियान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी।

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने, शिविर स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा फॉलो-अप शिविरों की प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अतिक्रमण हटाने और रास्ते के विवादों को मिलेगी प्राथमिकता
राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रास्ते के विवाद तथा सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों को इन शिविरों में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। शिविरों में   ई-मित्र कियोस्क की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। साथ ही आमजन से प्राप्त फीडबैक और सुझावों का परीक्षण कर भविष्य में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
उदयपुर, 20 जुलाई। जिले में 25 जुलाई से 12 अगस्त तक आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली वर्ष – 2026-2027 हेतु कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखनेजिला मजिस्ट्रेट एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल ने एक आदेश जारी करते हुए तहसीलदार बंडगावं हितेश त्रिवेदी को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि सेना भर्ती रैली महाराणा प्रताप खेलगांव परिसर में आयोजित होगी। इसमें प्रतिदिन 800 से 1000 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!