कुंभा वॉरियर्स बनी एपीएल सीजन-1 की चैंपियन, मेवाड़ वॉरियर्स को छह विकेट से हराया 

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पार्थ मंशानी ने तीन पुरस्कार जीतकर बिखेरी चमक, समापन समारोह में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

निंबाहेड़ा, 25 अक्टूबर, 2026 (ज़ाकिर हुसैन)
अकाय क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में निंबाहेड़ा स्थित कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित अकाय प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-1 के फाइनल मुकाबले में कुंभा वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेवाड़ वॉरियर्स को छह विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। रोमांचक मुकाबले में कुंभा वॉरियर्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी और सूझबूझ का परिचय देते हुए जीत दर्ज की।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए मेवाड़ वॉरियर्स ने 19.4 ओवर में 120 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुंभा वॉरियर्स की टीम ने 17.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और विजेता ट्रॉफी हासिल की।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए पार्थ मंशानी को फाइनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। वहीं, मेवाड़ वॉरियर्स के हिमांशु सोमानी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।

पूरण आंजना रहे मुख्य अतिथि, खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
समापन समारोह में युवा उद्योगपति एवं चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र शारदा तथा नगर कांग्रेस कमेटी महासचिव जावेद खान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रारंभ में क्रिकेट आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर राजस्थान चैलेंजर ट्रॉफी में भाग लेकर लौटे क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों हर्षि जोशी (अंडर-15), हिमांशु सोमानी (अंडर-16) तथा हितांश जिवनानी (अंडर-14) का अतिथियों द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनकी सहभागिता और खेल भावना के सम्मान में ट्रॉफी प्रदान की गई।

आयोजन की सफलता में सहयोगियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आशीष टांक, खुर्शीद सर, रुस्तम मंसूरी, लोकेश अमेटा, दीपक योगी, नीलेश गनवा तथा यशवंत धाकड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अकाय क्रिकेट अकादमी का उद्देश्य क्षेत्र की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, उनकी खेल क्षमता को निखारना तथा निंबाहेड़ा में क्रिकेट को बढ़ावा देना है। एपीएल सीजन-1 का सफल आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!