राज्यपाल श्री बागडे की पहल पर ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर आदिवासी संस्कृति संरक्षण के लिए होगा कार्य

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 15 जुलाई। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे की पहल पर प्रदेश में आदिवासी धरोहर संरक्षण हेतु ऑस्ट्रेलिया के सहयोग से विशेष कार्य किया जाएगा। राज्यपाल श्री बागडे द्वारा इस संबंध में ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल को पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर आने का निमंत्रण दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री बागडे से लोकभवन में उच्चस्तरीय राजनयिक, वाणिज्यिक महादूत पॉल मर्फी ने मुलाकात की थी। इस दौरान हुई चर्चा में ऑस्ट्रेलियाई आदिवासी (एबोरिजिनल ओरिजिन पीपल इन ऑस्ट्रेलिया) और राजस्थान के आदिवासी लोगों की संस्कृति संरक्षण से संबंधित आदान प्रदान कार्यों पर सहमति जताई गई थी।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ अश्विन दलवी ने बताया की इस संबंध में ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल आगामी दिनों में उदयपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र का भ्रमण करेगा। राज्यपाल के दिए निर्देशों पर केंद्र के स्तर पर इस संबंध में भविष्य में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा बनाइ जाएगी।

राज्यपाल श्री बागडे जब महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष थे तब उनका ऑस्ट्रेलिया जाना हुआ था। इसी दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में सिविक सेंस, सड़क यातायात और शिक्षा तथा कृषि क्षेत्र के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन्हें भारत के लिए भी उपयोगी बताया था। इसी परिप्रेक्ष्य में ऑस्ट्रेलिया के उच्च स्तरीय राजनयिक ने राजस्थान में भी कार्य करने की भविष्य की संभावनाओं पर सहमति जताई है। इसके साथ ही अन्य शैक्षिक एक्सचेंज कार्यक्रमों और गतिविधियों के संबंध में भी संभावनाएं तलाश कर उन पर कार्य किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!