सिविल सेवा मार्गदर्शन सेमिनार का भी होगा आयोजन
प्रताप गौरव केन्द्र में होगा आयोजन
उदयपुर। विप्र फाउंडेशन, शिक्षा रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ, जोन 1ए के तत्वावधान में आज रविवार 12 जुलाई को प्रताप गौरव केंद्र, टाइगर हिल्स, बड़गांव में प्रातः 9 बजे से भव्य विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह एवं आई ए एस, आर ए एस सम्मान समारोह एवं सिविल सेवा मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किया जाएगा। जिसमें कूल विभिन्न क्षेत्रों की 250 प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय संरक्षक धर्मनारायण जोशी करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम सिखवाल, प्रमुख राष्ट्रीय महामंत्री के. के. शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री प्रमोद पालीवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष, राजस्थान सतीश शर्मा , प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पालीवाल एवं शिक्षाविद् आर. एस. व्यास सहित विप्र फाउंडेशन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विप्र समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन तीन सत्रों में किया जाएगा।
प्रथम सत्र में विप्र समाज की उन प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने 10वीं-12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही खेलकूद, कला,संस्कृति,विशिष्ट समाजसेवा,नवीन सेवाओं में चयनित राजकीय कर्मियों एवं उच्च सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश संयोजक, विप्र शिक्षा रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ डॉ. एच. आर. दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा उचित मार्गदर्शन प्रदान करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु एक सुस्पष्ट रोडमैप तैयार करवाना है। उन्होंने समाज के सभी बंधुओं, अभिभावकों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि प्रथम सत्र में वीं के 22 छात्र,42 छात्रा, 12 वीं के 22 छात्र, 52 छात्राएं सम्मानित होंगे। द्वितीय सत्र में आई ए एस, आर ए एस में नव चयनित प्रतिभाओं के कुल 66 प्रोफेसनल्स का विशेष सम्मान किया जाएगा। खेल एवं अन्य क्षेत्र की 37 प्रतिभाएं एवं 15 अतिविशिष्ट विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा। तृतीय सत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं विशेषकर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों हेतु एक मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञों एवं सफल अभ्यर्थियों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी एवं अनुभव साझा किए जाएंगे।
