– ‘हम हिंदुस्तानी’ प्रतियोगिता ने जीता दिल, एक हजार महिलाओं को मिला नि:शुल्क दुर्घटना बीमा
– ज्योतिष शिविर और हाउजी बने आकर्षण, बच्चों के लिए लिटिल मास्टरशेफ प्रतियोगिता आज
– प्रतियोगिता में लेकसिटी क्वीन टीम प्रथम, भरतनाट्यम ग्रुप द्वितीय व पंजाबी कुडिय़ां टीम तृतीय स्थान पर रही
उदयपुर, 11 जुलाई। महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई गति देने के उद्देश्य से कैट वूमेन विंग उदयपुर की ओर आयोजित तीन दिवसीय उड़ान एग्ज़ीबिशन 2.0 के दूसरे दिन देशभक्ति, महिला सशक्तिकरण, खरीदारी और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘हम हिंदुस्तानी’ प्रतियोगिता में सांस्कृतिक प्रतियोगिता में देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं ज्योतिष शिविर और हाउजी गेम भी आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहे।
कैट वुमेन विंग की राष्ट्रीय जॉइंट सेक्रेटरी जनरल एवं उदयपुर अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि ‘हम हिंदुस्तानी’ प्रतियोगिता में 15 टीमों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर देश प्रेम का संदेश दिया। प्रतियोगिता में लेक सिटी क्वीन टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 9 हजार रुपये नकद पुरस्कार, स्मृति चिह्न एवं उपहार हासिल किए। भरतनाट्यम ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा, जिसे 7 हजार रुपये नकद पुरस्कार, स्मृति चिह्न एवं उपहार प्रदान किए गए। पंजाबी कुडिय़ां टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 5 हजार रुपये नकद पुरस्कार, स्मृति चिह्न एवं उपहार जीते। विज्ञान समिति को विशेष सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के निर्णायक नीता मूंदड़ा, दीपशिखा शर्मा और बृजराज राठौड़ रहे, जबकि रेखा जैन और रीना राठौड़ सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।
गलुंडिया ने बताया कि इंका इंश्योरेंस के सहयोग से महिला सुरक्षा के उद्देश्य से विशेष पहल करते हुए एग्ज़ीबिशन में 1,000 से अधिक महिलाओं को 5 लाख रुपये का नि:शुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक बीमा प्रपत्र भरकर इस सुविधा का लाभ लिया। उन्होनें बताया कि 12 जुलाई को बच्चों के लिए लिटिल मास्टरशेफ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
– एग्ज़ीबिशन में ज्योतिष शिविर भी आकर्षण का केंद्र रहा
कैट वूमेन विंग की कोषाध्यक्ष चयनिका गलूंडिया एवं बिजनेस प्रमोशन डायरेक्टर साक्षी भट्ट ने बताया कि एग्ज़ीबिशन में आयोजित ज्योतिष शिविर भी आकर्षण का केंद्र रहा। ज्योतिषाचार्य ऋषिका रुचिका, मीनाक्षी बाड़ौत, प्रवीणा माथुर, सविता सिंह, चंचल सिंह, विमला आर्या, भावना कावडिय़ा, आरती शर्मा और प्रीति लोढ़ा ने ज्योतिष, अंकशास्त्र, टैरो, मुखाकृति अध्ययन (फेस रीडिंग) और हस्तरेखा जैसी विभिन्न विधाओं के माध्यम से आगंतुकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने भविष्य से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
– हाउजी गेम में 300 से अधिक महिलाओं ने भाग
कैट वूमेन विंग की सचिव डॉ. सोनू जैन ने बताया कि मनोरंजन के लिए आयोजित हाउजी गेम में भी महिलाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लगभग 300 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर 20 हजार रुपये से अधिक के आकर्षक पुरस्कार जीते। दिनभर एग्ज़ीबिशन परिसर में खरीदारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों के चलते उत्सव जैसा माहौल बना रहा। शहरवासियों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक सफल एवं यादगार बना दिया।
आयोजन को सफल बनाने में साक्षी भट्ट, चयनिका गलूंडिया, बृजराज राठौड़, कविता माहेश्वरी, मधु जायसवाल, सुनीता वेलावत, सुमन खोईवाल, ललिता सियाल, कल्पना चोरडिय़ा, मीरा मजूमदार, सीमा मेहता, उर्मिला जैन एवं मंजुला गेलेड़ा की विशेष भूमिका रही।
देशभक्ति की गूंज के बीच कैट उड़ान एग्ज़ीबिशन 2.0 के दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब
