उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर मेवाड़ द्वारा डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉ. आर.एल. सुमन एवं उनकी टीम का सम्मान किया गया। वहीं लेखा एवं वित्तीय क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए सुरेश जैन तथा सीए संदीप लोधा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. हिमांशु गुप्ता ने कहा कि रोटरी क्लब उदयपुर मेवाड़ समाजहित एवं सेवा कार्यों के लिए सदैव अग्रणी रहा है। चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और समाज में सकारात्मक जागरूकता के लिए क्लब भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान और सेवा कार्य निरंतर आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ सदस्य हंसराज चौधरी, योगेश पगारिया, अनिल मेहता, चेतन जैन, सुनील कोराडिया, दीपेश कोठारी, नितेश कोठारी, राजीव पोरवाल एवं प्रशांत सुहलका सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इससे पूर्व चिकित्सकों के विरुद्ध बढ़ती हिंसा के विरोध तथा “भयमुक्त अस्पताल” की मांग को लेकर रोटरी क्लब उदयपुर मेवाड़ एवं आईएमए उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल सद्भावना रैली में रोटरी क्लब उदयपुर मेवाड़ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण के समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया।
रैली के सफल आयोजन में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. हिमांशु गुप्ता एवं प्रवीण गांधी की अहम भूमिका रही। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि चिकित्सकों पर होने वाली हिंसा न केवल चिकित्सा व्यवस्था बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और अस्पतालों को भयमुक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
रोटरी क्लब मेवाड़ ने किया डॉक्टर्स व चार्टर्ड अकाउन्टेन्ट का सम्मान
