पंचायत राज मंत्री सीधे सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं
उदयपुर, 30 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी जनसमस्या निस्तारण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। पंचायत राज विभाग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को दोपहर 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक राज्य की छह चयनित ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई की अध्यक्षता पंचायत राज मंत्री करेंगे तथा ग्रामीणों की समस्याओं का ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए जाएंगे।
इस विशेष जनसुनवाई के लिए कोटा जिले की असकली, अजमेर की सांपला, उदयपुर जिले की ओवराकला (गोगुंदा पंचायत समिति), जालौर की बादनवाड़ी, झालावाड़ की कोटड़ी तथा सीकर जिले की हथोरा ग्राम पंचायत का चयन किया गया है। इन ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्रामीण सीधे अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
पंचायत राज विभाग ने जनसुनवाई के सफल संचालन के लिए संबंधित जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, विकास अधिकारियों, विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंताओं, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा ग्राम विकास अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियों के साथ निर्धारित समय पर ऑनलाइन जनसुनवाई में भाग लेने के लिए कहा गया है, ताकि प्राप्त होने वाली समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
