गाय के बछडे का अधजला शव मिलने से आक्रोशित गौ भक्तों ने जाम किया हाईवे

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर के प्रतापनगर—बलीचा बाईपास पर गीतांजली हॉस्पिटल के समीप सडक किनारे शुक्रवार को सुबह गाय के बछडे का अधजला शव मिलने से माहौल गर्मा गया। मौके पर जमा हुए गौभक्तों ने हाईवे जाम कर विरोध प्रदशन किया। पुलिस ने समझाईश करते हुए कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी है। पुलिस के अनुसार गीतांजली हॉस्प्टिल के पास सडक किनारे शुक्रवार सुबह एक गाय के बछडा का अधजला शव पडे होने की सूचना मिली। यह सूचना आग की तरह शहर में फैल गई और देखते ही देखते गौ भक्त और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बडी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गुस्साए गौ रक्षकों ने गौ हत्या पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने और कडी कार्रवाई करने की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मय जवानों के मौके पर पहुंचे और गुस्साए युवाओं को समझाईश करने लगे। लेकिन युवाओं का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा था। हेमंत जोशी, ओम मेनारिया व गौरक्षक आरोपियों को कडी सजा देने और गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग कर रहे थे। करीब डेढ घंटे तक बाईपास पर जाम लगा रहा। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे कुछ लोगों ने रास्ता बदलते हुए शहर के भीतर से आगे का सफर तय किया। काफी समझाईश के बाद पुलिस प्रशासन ने गुस्साएं युवाओं से आवश्यक कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। प्रशासन ने दो दिन में जांच कर आरोपियों का पता लगाने का आश्वासन दिया। इस पर गुस्साएं लोगों की भीड मौके से हटी। तब पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!