उदयपुर। भारत सरकार के महत्वाकांक्षी ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत उदयपुर जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘नशा मुक्त पखवाड़े’ के अंतर्गत आरोग्य सेवा संस्थान जिला नशा मुक्ति केंद्र, डाखनकोटड़ा द्वारा शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों लक्ष्य क्लासेस एवं श्रीनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं आरोग्य सेवा संस्थान जिला नशा मुक्ति केंद्र के अध्यक्ष नरपत सिंह चैहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशन में संस्थान लगातार समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने के लिए प्रभावी प्रयास कर रहा है और युवाओं को जागरूक बनाकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नर्सिंग विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर करता है। इसलिए युवाओं की जागरूकता और सहभागिता इस अभियान की सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा आरोग्य सेवा संस्थान के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त प्रयासों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि दोनों संस्थाएं मिलकर लगातार गांवों, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर नशे के खिलाफ जनजागरण का कार्य कर रही हैं, ताकि नई पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सके।
कार्यक्रम में केंद्र के प्रोजेक्ट मैनेजर नारायण सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विजयपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, आउटरीच वर्कर सुदर्शन सिंह, सागर बलोची सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी तथा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
नशा मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति- उदयपुर के शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों ने लिया व्यसनमुक्त जीवन का संकल्प
