उदयपुर, 20 जून। 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को जिले भर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान जिला मुख्यालय सहित प्रत्येक ब्लाॅक व ग्राम पंचायत स्तर पर योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी ग्राउण्ड में आयोजित होगा। इसमें जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। इससे पूर्व शनिवार को अंतिम पूर्वाभ्यास भी किया गया।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के नेतृत्व में आयोजन को लेकर समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस वर्ष की थीम स्वस्थ वृद्वावस्था के लिए योग को केंद्र में रखते हुए योग दिवस के पूर्वाभ्यास और मुख्य कार्यक्रम में बुजुर्ग प्रतिभागियों की अग्रणी भूमिका रहेग। मंच पर योगाभ्यास कराने के लिए लगभग 60 प्रतिशत स्थान वरिष्ठ नागरिकों को दिया जाएगा।
आयुर्वेद विभाग से नोडल अधिकारी डाॅ भानुकुमार जैन ने बताया कि योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गांधी ग्राउण्ड के अलावा फतहसागर की पाल तथा सहेलियों की बाड़ी में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सहायक नोडल अधिकारी डाॅ शोभालाल औदीच्य ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में सुबह 6 बजे से अतिथियों का आगमन होगा। 6.30 बजे से 6.45 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन तथा इससे पश्चात 6.45 से 7 बजे तक प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। ठीक 7 बजे से 7.45 बजे तक योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इसके बाद 7.45 बजे से 8 बजे तक अतिथि उद्बोधन के बाद कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन में सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, खिलाड़ी, पुलिस जवान, एनएसएस, स्काउड-गाइड स्वयंसेवक तथा आमजन भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया है।
