गणगौर घाट पर होगा नौका विहार, यमुना महाआरती एवं भक्ति-सांस्कृतिक कार्यक्रम
उदयपुर। मेवाड़ सनातन महोत्सव समिति के तत्वावधान में श्री श्री श्री 1008 ठाकुर जी श्री लड्डू गोपाल जी महाराज की भव्य शोभायात्रा दिनांक 4 जुलाई 2026 (शनिवार) को नगर के प्रमुख मार्गों से गाजे-बाजे एवं शाही लवाजमे के साथ निकाली जाएगी।
शोभायात्रा दोपहर 3:30 बजे श्री नृसिंह द्वारा श्री मीठाराम जी का मंदिर, रावजी का हाटा, उदयपुर से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ होगी। यात्रा में सजीव झांकियाँ, अखाड़े, बैंड-बाजे तथा विभिन्न वाद्य-यंत्र श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
शोभायात्रा मार्ग: रावजी का हाटा → मोहल्ली चौहट्टा → बदनोर की हवेली → जड़ियों की ओल → घंटाघर → मांझी की बावड़ी → जगदीश चौक → गणगौर घाट (समापन)
गणगौर घाट पर विशेष आयोजन-शोभायात्रा के समापन उपरांत गणगौर घाट पर ठाकुर जी का दिव्य नौका विहार, भव्य यमुना महाआरती तथा भक्ति एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
समिति के संस्थापक रविराज सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का मंच संचालन प्रसिद्ध एंकर नितिन दशोरा द्वारा किया जाएगा। समिति के तेज प्रकाश औदिच्य एवं बाबू लाल सालवी ने जानकारी दी कि इस भव्य आयोजन में सर्व सनातन समाज एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी, महिलाएँ, पुरुष एवं युवा बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।
समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने तथा पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
मेवाड़ में निकलेगी ठाकुर जी श्री लड्डू गोपाल जी की भव्य शोभायात्रा
