12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के
प्रभारी मंत्री करेंगे शुभारंभ
केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रदर्शन
उदयपुर, 11 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 14 जून तक सूचना केंद्र परिसर में तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रभारी मंत्री श्री हेमन्त मीणा करेंगे।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि प्रदर्शनी का शीर्षक 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के रखा गया है। इसके तहत केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी पहलों की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
उपनिदेशक गौरीकान्त शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर सांसद गण, विधायक गण सहित अन्य सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा आमजन उपस्थित रहेंगे। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, नवाचारों और विकास यात्रा को चित्रों, फ्लेक्स, सूचना सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। आमजन से प्रदर्शनी में पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी कर उससे लाभान्वित होने का आह्वान किया गया है।
—00—
स्माईल योजनान्तर्गत प्र्रस्ताव की तिथि 15 जून तक बढ़ाई
उदयपुर, 11 जून। केन्द्र सरकार द्वारा संचालित सपोर्ट फाॅर मर्जिनलाइज्ड इंडिविजुअल्स फाॅर लाइवलीहुड एंड एन्टरप्राइज (स्माईल) योजना के अन्तर्गत उदयपुर जिले में भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उनके पुनर्वास के लिए स्वयंसेवी संस्था के चयन संबंधी प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारित विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि इस कार्य हेतु अभिरुचि की अभिव्यक्ति के तहत प्रस्ताव जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जून 2026 की गई है। उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित शर्तें विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विस्तृत जानकारी कार्यालय संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, उदयपुर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
