मासिक मास्टर शेफ प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु एग्जीक्यूटिव कमेटी का गठन
उदयपुर। शहर की पाक कला प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और घरेलू शेफ्स के हुनर को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘उदयपुर मास्टर शेफ’ की एग्जीक्यूटिव कमेटी का गठन मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान किया गया। संस्था की ओर से अब प्रत्येक माह मास्टर शेफ प्रतियोगिता एवं विविध फूड गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के घर-घर के हुनरमंद शेफ अपना जलवा दिखाएंगे और स्वाद का जादू बिखेरेंगे।
बैठक में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान संस्था की भावी योजनाओं, मासिक कार्यक्रमों एवं फूड कम्युनिटी को एक संगठित मंच प्रदान करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इन गतिविधियों के सफल संचालन एवं आयोजन के लिए नई एग्जीक्यूटिव कमेटी का गठन किया गया।
संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि नई कमेटी में शेफ विक्रम माधवानी, शोभना भटनागर, माधुरी जैन, ममता बांगड़, मिनी, शेफ निर्मला सोनी, हेमलता माली, शेफ रश्मि किशोर, रंजना भाटी, अंजू चोपड़ा एवं करण माधवानी को सम्मिलित किया गया है। सभी सदस्यों ने संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और पाक कला के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि ‘उदयपुर मास्टर शेफ’ केवल एक समूह नहीं, बल्कि उन प्रतिभाशाली लोगों का परिवार है जो पाक कला के माध्यम से अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। आगामी समय में प्रत्येक माह ‘उदयपुर मास्टर शेफ प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न थीम आधारित कुकिंग चैलेंज, लाइव कुकिंग प्रस्तुतियां, फूड डिस्प्ले, इंटरैक्टिव सेशंस एवं कुकिंग वर्कशॉप्स आयोजित होंगी। इन आयोजनों के माध्यम से शहर के छिपे हुए पाक कला प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा फूड प्रेमियों को नए स्वाद और नवाचारों से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
