उदयपुर। उदयपुर शहर एवं जिले में अपराध और हादसों की विभिन्न घटनाएं सामने आई हैं। भुवाणा में सूने मकान से जेवरात चोरी, बारापाल हाईवे पर राहगीर से लूट, बलीचा क्षेत्र से युवती के अपहरण, सायरा में तलवार से जानलेवा हमले तथा तोरण बावड़ी के पास होर्डिंग गिरने से युवक के गंभीर घायल होने के मामले दर्ज हुए हैं। वहीं पुलिस ने जेवर चोरी, मादक पदार्थ तस्करी और शराब तस्करी के मामलों में फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके अलावा प्रसूता की उपचार के दौरान मौत और खेरवाड़ा में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं की भी जांच जारी है।
सूने घर से सोने चांदी के जेवरात चोरी : शहर के भुवाणा सुखेर क्षेत्र में सूने मकान से चोर सोने चांदी के जेवरात चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार अनिल खण्डेलवाल पुत्र स्वर्गीय भंवरलला निवासी गोलड लीफ कॉलोनी भुवाणा ने सुखेर थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात चोर दो जून की रात को उसके घर में घुस कर सोने चांदी के जेवरात चुरा ले गए। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर चोरों का पता लगाने में जुटी है।
किराए पर ली स्कूटी चोरी : शहर के बोहरा गणेशजी क्षेत्र से किराए पर ली गई स्कूटी चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बाबूलाल मीणा पुत्र कालू मीणा निवासी भगतफला उंदरीकला ने कैलाश कुंवर पत्नी गजेंद्रसिंह निवासी भूपालपुरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपी द्वारा उसकी किराए ली गई स्कूटी चोरी कर ली। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर अनुसंधान कर रही है।
युवती का अपहरण, पिता को धमकी : जिले के बलीचा क्षेत्र में युवती का अपहरण कर छिपाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार खेरवण निवासी राकेश कुमार पुत्र सुरमाल खराडी निवासी खेडाघाटी बलीचा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री का अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर छुपा रखा है एवं बात नहीं करने की धमकी से धमकी दे रहा है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर अपहरणकर्ता का पता लगाने में जुटी है।
बारापाल के पास हाईवे पर राहगीर से लूटपाट : राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारापाल के पास राहगीर के साथ मारपीट व लूटपाट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार रामनगीना यादव पुत्र विजेंद्र याद निवासी करजाडे पनवेल सैक्टर—06 नेकस्स जिला पनवेल महाराष्ट्र ने गोवर्धनविलास थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि दो जून को पांच बजे बारापाल रोड के पास अज्ञात बदमाश द्वारा उसके साथ मारपीट कर सोने की डेढ तोला वजनी सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर लुटेरे बदमाश का पता लगा रही है।
प्रसव के बाद तबियत बिगडी, मौत : जिले के कोटडा क्षेेत्र में प्रसुता की प्रसव के बाद तबियत बिगडने के बाद उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ओपीया पुत्र मनिया गमार निवासी डुंगरिया फला थला कोटडा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी की 30 मई को नोर्मल डिलीवरी हुई थी जिसकी एक जून को अचानक तबियत बिगडने से कोटडा चिकित्सालय लाए वहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर एमबी चिकित्सालय रेफर किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
युवती ने फांसी लगा की आत्महत्या : जिले के खेरवाडा क्षेत्र में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार लालू पुत्र हलु मीणा निवासी परेडा खेरवाडा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ससुराल से जेवरात चोरी के मामले में दामाद गिरफ्तार : जिले के झाडोल क्षेत्र में ससुराल से सोने चांदी के जेवरात चुराने के मामले में पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार लीला पत्नी लक्ष्मण भगोरा ने गत दिनों दी रिपोर्ट में बतया कि वह अपने ढूंढ कार्यक्रम शामिल होने पीहर ढुंढकिया गई थी। अपने जेवर पिता के घर पर रखे थे जो अगले दिन नहीं मिले। इस मामले में पुलिस ने अनुसंधान करते हुए लीला देवी, गवाह रूपलाल, सुन्दर बाई के बयान लेने के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने लीला की छोटी बहन प्रियंका के पति अरविंद पुत्र बंशीलाल खराडी निवासी सिगरी फलासिया को जेवर चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया।
एमडी बेचने के मामले में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार : जिले की कुराबड थाना पुलिस ने मादक पदार्थ एमडी बेचने के मामले में सात माह से फरार एक हजार रुपए ईनामी आरोपी जीवनलाल अहीर पुत्र श्रीलाल अहीर निवासी चकतिया मंगलवाड जिला चित्तौडगढ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गत 16 नवम्बर को जगदीश पुत्र पुराजी डांगी निवासी भल्लों का छोटा गुडा कुराबड के कब्जे से एक किलो गांजा व चार ग्राम एमडी जब्त कर उसे गिरफ्तार किया था। इस मामले में पवन वैष्णव पुत्र सुरेश वैष्णव निवासी लोठियाना को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी जीवनलाल फरार चल रहा था।
शराब तस्करी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार : शहर के धानमंडी पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में दस माह से फरार आरोपी राजकुमार उर्फ शंकर पुत्र वेणीराम निवासी भैंसडा कला डबोक को गिरफ्तार किया।
तलवार से जानलेवा हमला : जिले के सायरा क्षेत्र में तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पर्वतसिंह पुत्र तेज सिंह राजपूत निवासी जोरिमा सायरा ने दी सज्जनसिंह पुत्र भंवरसिंह राजपूत निवासी पदराडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें रावों का सायरा में दो जून को आरोपी द्वारा रास्ता रोककर तलवार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मामले में जांच कर रही है।
तोरण बावडी के पास छत से गिरे होर्डिंग से राहगीर गंभीर घायल : शहर के सूरजपोल क्षेत्र में तोरण बावडी के पास एक भवन की छत से लोहे का होर्डिंग नीचे गिरने से राहगीर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में चोट लगने से घायल लकवाग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार जवाहर नगर पटेल सर्कल निवासी मनीष हुआ। आशिष ने सूरजपोल थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि 30 मई को रात करीब साढे आठ बजे तोरण बावडी स्थित मेवाड मोटर्स बिल्डिंग के पास एक भवन की छत से लोहे का होर्डिंग बोर्ड तेज हवा से उडते हुए मनीष के सिर पर गिरा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर पर चोट आने से वह लकवाग्रस्त हो गया। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
