उदयपुर। शहर में कुम्हारों का भटृटा स्थित जेपी आर्थोपेडिक हॉस्पिटल में हादसे में घायल के उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने बुधवार रात में हंगामा कर दिया। आक्रोशित परिजनो ने हॉस्पिटल में मौजूद चिकित्साकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए तोडफोड की। इसी दौरान समझाईश करने पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद गुप्ता के साथ ही परिजनों ने मारपीट कर घायल कर दिया। उनके कपडे फाड दिए। वारदात को लेकर चिकित्सकों की ओर से दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले परिजनों में से पहचान करते हुए नौ आरोपियों को डिटेन किया है।
जानकारी के अनुसार लसाडिया के कूण निवासी कपडा व्यापारी 52 वर्षीय कुलदीप जैन अपनी बाइक पर मंगलवार को सुबह उदयपुर आ रहा था। रास्ते में कानोड के समीप अचानक नील गाय सडक पर आने से कुलदीप जैन हादसे में घायल हो गया। उसके दोनों हाथों में फ्रेक्चर हो गए। एम्बुलेंस की मदद से उसे उदयपुर के कुम्हारों का भटृटा स्थित जेपी आर्थोपेडिक हॉस्पिटल् में भर्ती कराया जहां दोपहर में उसका आॅपरेशन किया गया। काफी देर तक उसे होश न आने पर परिजनों ने डॉक्टर को बताया। परिजनों का आरोप है कि पूछने पर डॉक्टरों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उधर मरीज की हालत गंभीर होते देख परिजनों का गुस्सा बढ गया। रात करीब नौ बजे बडी संख्या में परिजन हॉस्पिटल में पहुंच गए और गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। हॉस्पिटल प्रबंधन का आरोप है कि परिजनों ने ओटी में जाकर डॉक्टर्स के साथ मारपीट की। डॉ जेपी शर्मा व उनके पुत्र डॉ कनिष्क व अन्य स्टॉफ के साथ मारपीट करते हुए कपडे फाड दिए। इस बीच सूचना मिलने पर हॉस्पिटल में समझाईश करने पहुंचे आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद गुप्ता के साथ ही गुस्साए परिजनों ने जोरदार मारपीट करते हुए कपडे फाड दिए। उपस्थित लोगों ने बीच बचाव करते हुए उन्हें छुडाया। इस बीच विभिन्न थानों से पुलिस और एएसपी सिटी उमेश ओझा भी मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। गुुस्साए परिजनों को शांत करते हुए घायल कुलदीप जैन व मारपीट में हुए घायलों को अन्य निजी हॉस्पिटल में शिफ्ट करते हुए उपचार किया गया। बताया जा रहा है इस हॉस्पिटल में भी दोनों पक्ष दुबारा टकरा गए जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने शांत किया। मामले में देर रात ही चिकित्सकों ने कार्य का बहिष्कार कर दिया था और बुधवार दोपहर बाद चिकित्सक लामबंद होकर जिला कलेक्ट्री पहुँचे और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन से मिल घटना की जानकारी दी। इस दौरान चिकित्सा संगठनों ने मामले की भत्सर्ना की और डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट के मामले में सभी दोषियों पर कार्यवाही की मांग की। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ आनंद गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि कानून व्यवस्था बनाएं रखना पुलिस और प्रशासन का काम है और चिकित्सको का काम मरीजों को बेहतर इलाज देना है इसलिए जो भी घटना बीती रात हुई उसमें कानून व्यवस्था अपना काम करेगी। उन्होंने बताया कि एसपी ने पूरे मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों का पाँच सदस्यीय विशेष दल गठित किया है जो मामले की जांच करेगा। डॉ गुप्ता ने कहा कि मामले में पुलिस ने 9 लोगो को डिटेन किया है लेकिन सीसीटीवी फुटेज में मारपीट करने वालो की संख्या करीब 40 से 50 है। ऐसे में उनकी मांग है कि सीसीटीवी में जो भी मारपीट करते दिखाई दे रहे उन सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें भी नामजद किया जाए। डॉ आनंद गुप्ता ने कहा कि मरीज का इलाज जारी है और चिकित्सकों ने उनके साथ हुई घटना के बाद भी मरीज को संभाले रखा और अब मरीज की हालत में सुधार हो रहा है। उधर, पुलिस प्रशासन द्वारा पांच दिन का समय मांगे जाने के बाद सभी चिकित्सक काम पर लौट गए है। चिकित्सकों ने पांच दिन में उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में अगणी रणनीति तैयार करने की चेतावनी दी है। इस दौरान चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
जेपी आर्थोपेडिक हॉस्पिटल में परिजनों का हंगामा, चिकित्साकर्मियों से मारपीट, 9 डिटेन
