उदयपुर। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में सोमवार को दिनभर की तेज तपन, गर्मी और उमस से शाम को अचानक पलटे मौसम के बाद तेज हवा के साथ बारिश ने राहत दी। शाम को बादलों ने आसमान को ढक लिया और तेज हवा चलने के साथ ही बादलों की गर्जन के बीच बारिश शुरू हुई जिसने गर्मी से राहत प्रदान की। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में सोमवार को सुबह धूप खिली और दोपहर में तेज गर्मी से वातावरण में उमस बढ गई। इससे लोग पसीने से तर हो गए। दोपहर बाद आसमान में काली घटाएं उमड आई और उनमें बिजली चमकने लगी। अंधेरा ढलने के साथ ही धूल भरी तेज हवा चल पडी। सडकों पर चल रहे दुपहिया वाहनों को एक बार ब्रेक लगाकर साइड में खडा होना पडा। आंखों में धूल चले जाने से उन्हें दिखना बंद हो गया। कुछ ही देर में बारिश शुरू हुई जिसने धूल को उडने से रोका। बारिश ने दिन भर की गर्मी और तपन से परेशान शहरवासियों को राहत दी। उधर तेज चलने के साथ ही शहर के अनेक हिस्सों में लाइटें चली जाने से अंधेरा छा गया। लोग घरों में मोमबत्ती, टार्च आदि रोशनी के लिए ढूढने लगे। काफी देर तक रात को शहर अंधेरे में डूबा रहा। लोग गर्मी से भी परेशान होते रहे। मौसम कार्यालय डबोक के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया जो रविवार को क्रमश: 38.2 डिग्री व 21.0 डिग्री था। बीते चौबीसा घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई जबकि न्यूनतम तापमान में 5.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
उदयपुर में शाम को तेज हवाओं संग बारिश ने दी दिनभर की गर्मी से राहत
