बांसवाड़ा : पौधारोपण के साथ नियमित देखभाल, सुरक्षित पल्लवन एवं संरक्षण का लिया गया संकल्प

बांसवाड़ा, 19 मई/पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में कार्यरत नटवरानंदी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित “एक परिवार एक पेड़” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को श्री पीतांबरा आश्रम परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे लगाए तथा उनके सुरक्षित पल्लवन एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
आश्रम मैदान में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया, जिनमें पीपल, नीम, बरगद, अशोक, करंज एवं तुलसी जैसे पौधे प्रमुख रहे। इन पौधों का चयन केवल हरियाली बढ़ाने के लिए नहीं बल्कि भविष्य में पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता और मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर किया गया है।
अधिक मास के अन्तर्गत विशेष रूप से आयोजित इस अभियान की शुरुआत मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार रावल एवं पूर्व आयुक्त दिलीप गुप्ता ने पौधरोपण कर की। इसके उपरान्त महेंद्र त्रिवेदी, योगेश स्वर्णकार, वैशाली पटेल, नवीन चन्द्र पंड्या, जे.पी. नागर एवं उनके परिवारजनों सहित बड़ी संख्या में प्रकृतिप्रेमियों द्वारा धार्मिक महत्त्व के पौधे लगाए गए।
संयोजक सौरभ रावल ने अभियान के उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा पर जानकारी दी। इस अवसर पर मनोहर जोशी, राजेश चैबीसा, प्रेरणा उपाध्याय, निकुंज सोनी आदि ने पौधारोपण में सहयोग प्रदान किया।
इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि लोगों ने केवल पौधे लगाकर औपचारिकता पूरी नहीं की, बल्कि प्रत्येक पौधे की सुरक्षा के लिए 10-12 फीट ऊँचाई वाला ट्री गार्ड उपलब्ध कराते हुए नियमित सिंचाई और देखभाल की व्यवस्था का संकल्प भी लिया। कई परिवारों ने अपने परिजनों की स्मृति में पौधे लगाए और उन्हें भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरित विरासत बताया।
इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि जन्मदिन, वर्षगांठ, पुण्य स्मृति या किसी भी विशेष अवसर पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय पौधारोपण करें। एक छोटा सा पौधा भविष्य में हजारों लोगों को छाया, ऑक्सीजन और जीवन देने वाला वृक्ष बन सकता है।
यह है अभियान का लक्ष्य
“एक परिवार एक पेड़” अभियान अब धीरे-धीरे सामाजिक चेतना का रूप लेता दिखाई दे रहा है। इसके प्रथम चरण में 101 परिवारों द्वारा इसी माह विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उन्हें सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!