उदयपुर, 19 मई। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए एक्मे फिनट्रेड इंडिया लिमिटेड द्वारा सवीना सर्कल स्थित परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रात: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 58 यूनिट रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से मानवता, सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। कंपनी के सीएमडी निर्मल कुमार जैन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। शिविर के दौरान “डोनेट ब्लड, सेव लाइव्स” का संदेश देते हुए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में रक्तदाताओं के उत्साह को देखते हुए आयोजन स्थल पर सेवा एवं सहयोग का वातावरण बना रहा। आयोजकों ने रक्तदाताओं का सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर निदेशक दीपेश जैन, सुरेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र चित्तौड़ा, यशपाल जैन, रमेश कुमार लालावत, आकाश जैन, विप्लव कुमार जैन, मनीष मेनारिया सहित कई लोग उपस्थित रहे। आयोजन को समाजसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।
रक्तदान शिविर कर दिया मानवता का संदेश, 58 यूनिट हुआ रक्तदान
