भीलवाड़ा : धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में आमजन ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

एनसीडी स्क्रीनिंग, एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों का हुआ आयोजन

भीलवाड़ा, 19 मई। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू व मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्री चन्द्रभान सिंह भाटी के निर्देशन में जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों की पालना में 10 मई से 9 जून 2026 तक जनजाति गरिमा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव की श्रृंखला में 18 मई से 25 मई के बीच जिले में ‘‘जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’’ अभियान के तहत संचालित “प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के अंतर्गत जिले में आयोजित लाभार्थी सेच्यूरेशन विशेष स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। अभियान के तहत आयोजित कैंपों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले के 140 चिन्ह्ति ग्राम स्तर पर आयोजित इन शिविरों में गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग कर ब्लड प्रेशर, शुगर, मौसमी बीमारियों सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। गर्भवती महिलाओं का एएनसी चेकअप कर आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ मिल सके।

अभियान के दौरान शक्ति दिवस के अवसर पर बच्चों को आयरन सिरप एवं आयरन की गोलियां पिलाकर एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही टीबी स्क्रीनिंग कर संभावित रोगियों की पहचान की गई तथा निश्चय पोर्टल पर उनकी आईडी बनाकर आवश्यक फॉलोअप सुनिश्चित किया गया। साथ ही आमजन को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई गयी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व की जानकारी भी दी। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!