387 ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश, 178 अपराधी गिरफ्तार; 168 कबाड़ी-डेरे भी खंगाले
• 61 टीमों की एकसाथ बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार, शराब, जुआ-सट्टा और वांछित अपराधियों पर कसा शिकंजा
कोटा 17 मई। कोटा शहर में सक्रिय अपराधियों, आदतन बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने रविवार सुबह व्यापक एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में जिलेभर के थाना क्षेत्रों में गठित 61 टीमों ने एक साथ 387 स्थानों पर दबिश देकर 178 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि 168 कबाड़ी दुकानों और डेरों की सघन जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जिले में सक्रिय अपराधियों एवं आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार 17 मई को सुबह 7 बजे से एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना एवं वृत्त क्षेत्रों में विशेष पुलिस टीमों का गठन कर चिन्हित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 4 प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 162 क्वार्टर देशी शराब बरामद की गई। वहीं अवैध हथियारों के खिलाफ 10 प्रकरणों में 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर 10 धारदार हथियार जब्त किए गए।
इसके अलावा जुआ-सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 3 जघन्य अपराधों के अभियुक्त, 3 स्थायी वारंटी तथा 7 सामान्य प्रकरणों में वांछित अपराधियों को भी दबोचा, जिससे कुल 10 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई।
अभियान के दौरान पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत 150 आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। इस प्रकार विभिन्न धाराओं एवं अपराधों में कुल 178 अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के तहत चोरी, कबाड़ खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से 168 कबाड़ी दुकानों एवं डेरों की भी जांच-पड़ताल की। एसपी गौतम का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
