42 वां महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन वार्षिक अलंकरण समारोह 15 मार्च को

फाउण्डेशन ने की प्रविष्टियां आमंत्रित, 20 दिसम्बर तक होंगे आवेदन स्वीकार
उदयपुर ( उदयपुर व्यूज ) : महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर की ओर से हर साल आयोजित होने वाला महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह आगामी 15 मार्च 2026 को आयोजित होगा। वार्षिक सम्मानों के तहत दिए जाने वाले अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर के विभिन्न सम्मानों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
समारोह संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तर के सम्मानों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वालों के आवेदन अथवा प्रस्ताव आमंत्रित किये जा रहे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 दिसम्बर रखी गई है। सम्मान आगामी 15 मार्च को होने वाले महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन 42वें वार्षिक अलंकरण समारोह में फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा प्रदान किए जाएंगे। डॉ. गुप्ता ने बताया कि महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर के 42वें वार्षिक अलंकरण समारोह के सम्मानों के लिए विद्यार्थी https://www.eternalmewar.in/ uploads/award/mmfaa_student_form.pdf से तथा अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय तथा राज्यस्तरीय सम्मानों के लिए https://www.eternalmewar.in/uploads/award/mmfaa_senior_form.pdf से आवेदन डाउनलोड किये जा सकते हैं तथा आवेदन पत्र सिटी पैलेस की बड़ी पोल एवं शीतला माता गेट से प्रातः 10 से शाम 4 बजे तक जमा किए जाएंगे।
कर्नल जेम्स टॉड सम्मान : अन्तरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान राजस्थान में मानवता की सार्वभौग सेवा को समर्पित विश्वबंधुत्व की आस्था वाले विदेशी मनीषा को प्रदान किया जाता है। इस अलंकरण के तहत 2 लाख की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।
हल्दीघाटी अलंकरण : राष्ट्रीय स्तर के हल्दीघाटी अलंकरण प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की उल्लेखनीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
हकीम खां सूर अलंकरण : साम्प्रदायिक सद्भाव, देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता और अखण्डता के क्षेत्र में स्थायी सेवाओं के लिये प्रदान किया जाता है।
महाराणा उदयसिंह अलंकरण: पर्यावरण संरक्षण-संवर्द्धन के क्षेत्र में की गई स्थाई मूल्य की सेवाओं के लिए प्रदान किया जाता है।
पन्नाधाय अलंकरण: अपने निर्धारित दायित्व की सीमा से ऊपर उठ कर किए गए साहसिक कार्य के लिए प्रदान किया जाता है।
राज्य स्तरीय अलंकरण
महाराणा मेवाड़ अलंकरण, महाराणा कुम्भा अलंकरण, महाराणा सज्जनसिंह अलंकरण, डागर घराना सम्मान, राणा पूंजा अलंकरण, अरावली अलंकरण के तहत 51 हजार की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे। विद्यार्थी वर्ग के सम्मानों में बैचलर डिग्री एवं डिप्लोमा आदि के लिए भामाशाह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के लिए राजस्थान के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी तथा राजस्थान के वे मूल निवासी विद्यार्थी जो राजस्थान से बाहर किसी अन्य विश्वविद्यालय से उक्त डिग्री या डिप्लोमा (परीक्षा सत्र 2024-2025) पूर्ण कर चुके हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। इसी तरह उदयपुर स्थित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वे विद्यार्थी जो खेलकूद एवं शैक्षणिक-सहशैक्षणिक गतिविधियों में इस सत्र 2024-2025 में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया है, वे महाराणा राजसिंह सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। महाराणा फतह सिंह सम्मान के लिए उदयपुर स्थित विद्यालयों के वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने सत्र 2024-2025 में 10वीं एवं 12वीं उच्च अंकों से उत्तीर्ण की है साथ ही इन्हीं परीक्षाओं में उत्तीर्ण वे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने खेलकूद एवं शैक्षणिक-सहशैक्षणिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। विद्यार्थी वर्ग के सम्मानों के तहत 21 हजार की राशि, मेडल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!