28 सितंबर को होगा भव्य संस्कृत सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
“संस्कृत प्रतिभाओं का होगा भव्य सम्मान, 28 को संस्कृत सम्मेलन”

 महर्षि पाणिनि पुरस्कार एवं संस्कृति गौरव सम्मान से अलंकृत होंगी प्रतिभाएं”

संस्कृत सप्ताह का होगा गरिमामय समापन, संस्कृत प्रतिभाओं का  होगा सम्मान ।
उदयपुर, 25 सितम्बर। संस्कृत भारती, उदयपुर  की ओर से विश्व संस्कृत दिवस के अवसर पर आयोजित संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का भव्य समापन 28 सितंबर 2026, सोमवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बप्पा रावल सभागार में होने वाले संस्कृत सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ होगा।
महानगर मंत्री नरेंद्र शर्मा ने बताया केि समारोह में संस्कृत के प्रति उत्कृष्ट प्रतिभा एवं समर्पण का परिचय देने वाले विद्यार्थियों,  संस्कृत अनुरागी समाजजनों को विविध वर्गों  में सम्मानित किया जाएगा।
संस्कृत सप्ताह के दौरान आयोजित श्लोक पाठ, संस्कृत समूहगीत एवं श्लोक आधारित चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
संस्कृत प्रतिभाओं को मिलेगा विशेष मंच
समारोह की विशेष उपलब्धि के रूप में संस्कृत विषय में  दसवीं बोर्ड परीक्षा में संस्कृत में इस सत्र में शत प्रतिशत अंक (100) पूर्णांक प्राप्त एवं संस्कृत में पीएचडी उपाधि प्राप्त मेधावी छात्रों को महर्षि पाणिनि पुरस्कार एवं  संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति के संवर्धन में विशेष योगदान देने वाली विभूति को ‘संस्कृति गौरव सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
संस्कृतभारती द्वारा आयोजित यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संस्कृत के प्रति नई पीढ़ी में बढ़ती रुचि, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
संस्कृत को जन-जन से जोड़ने का प्रयास :
संस्कृत भारती का उद्देश्य संस्कृत को केवल शैक्षणिक विषय के रूप में नहीं, बल्कि संवाद, संस्कार, संस्कृति और भारतीय ज्ञान-परंपरा से जुड़ी जीवंत भाषा के रूप में समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से संस्कृत सप्ताह के दौरान विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में विविध रचनात्मक एवं प्रतियोगितात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इन आयोजनों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने संस्कृत के प्रति नई पीढ़ी की रुचि को रेखांकित किया है। आगामी सम्मेलन इसी उत्साह को सम्मान और प्रेरणा में परिवर्तित करने का अवसर बनेगा।
संस्कृत सप्ताह के विविध आयोजनों के समापन अवसर पर होने वाला यह सम्मेलन संस्कृत प्रतिभाओं के सम्मान के साथ समाज में संस्कृत के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण का संदेश देगा।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!