सेवा के 23 स्वर्णिम वषर्ः देवेंद्र महिला मंडल की नई कार्यकारिणी ने लिया समाजसेवा का संकल्प

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित देवेंद्र महिला मंडल ने अपना 23वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर मंडल की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें नवपदाधिकारियों ने समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमबाई कुंभट, सुमित्रा सिंघवी, ऐश्वर्या पगारिया एवं शशि भंडारी उपस्थित रहे। रजनी डांगी ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में रेखा चोरड़िया एवं ममता रांका ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई।
मंडल अध्यक्ष रंजना छाजेड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि देवेंद्र महिला मंडल पिछले 23 वर्षों से सेवा, संस्कार और समाज उत्थान के कार्यों में निरंतर सक्रिय है। उन्होंने बताया कि मंडल द्वारा जरूरतमंद सधार्मिक परिवारों को मासिक राशन वितरण, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, गौसेवा, साधु-संत सेवा तथा बाल संस्कार शिविर जैसे अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी दो वर्षों में भी कई नए जनकल्याणकारी प्रकल्प शुरू करने की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ रानी मेहता एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। पायल डूंगरवाल एवं कल्पना बागरेचा ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को रंगारंग बनाया। आकांक्षा सेठ,प्रियंका तलेसरा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रचिता मोगरा ने किया, जबकि मंत्री वनिता पामेचा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!