मुख्य सचिव पहुंची झाडोल-मिशन झाडोल फलासिया का लिया जायजा

उदयपुर 5 सितंबर। जिले के एक दिवसीय सघन दौरे के तहत मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा दूरस्थ जनजाति अंचल झाडोल भी पहुंची और यहां पर सुशासन के लिए नवाचार के तहत जिला प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे मिशन झाडोल फलासिया की गतिविधियों का भी जायजा लिया। संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट और जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा सहित विभागीय अधिकारी दौरान मौजूद रहे।
एसएचजी की महिलाओं द्वारा बनाए उत्पाद देखे
मुख्य सचिव उषा शर्मा झाड़ोल स्थित कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय पहुंची जहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न प्रकार के उत्पादों जैसे शुद्ध मसाले, हर्बल ग़ुलाल, हवाई चप्पल, गुलकंद, शहद, अगरबत्ती आदि उत्पादों को देख सराहना की। मुख्य सचिव ने उत्पादों की लागत, लाभ, बिक्री आदि की जानकारी ली और महिलाओं को लगातार आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। शर्मा ने महिलाओं से कहा कि किसी भी प्रकार की ट्रेनिंग की आवश्यकता हो तो अवगत कराएं, गाँव में ही ट्रेनर को भेज कर ट्रेनिंग देंगे। उन्होंने और भी अधिक महिलाओं को एसएचजी से जोड़ने और आयजनक गतिविधियों को करने  के लिए कहा।
एसएचजी की महिलाओं को क्रेडिट लिंकेज के चेक सौंपे
झाड़ोल में शर्मा ने एसएचजी की महिलाओं को क्रेडिट लिंकेज के लिए बेंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक की ओर से 1 करोड़ 32 लाख रुपए के चेक सुपुर्द किए। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा से 28 एसएचजी को 52 लाख रुपए एवं पंजाब नेशनल बैंक से 48 एसएचजी को 80 लाख रुपए के चौक प्रदान किए। जिला परियोजना प्रबंधक अनिल पहाड़िया ने राजीविका की गतिविधियों के बारे में बताया और महिला समानता दिवस के अवसर पर किए गए राजस्थान के सबसे बड़े बैंक क्रेडिट कैंप की जानकारी दी। पहाड़िया ने बताया कि जिले में 2581 समूहों को 40 करोड़ रूपये का ऋण विभिन्न बैंकों से दिलवाया गया है।
झाड़ोल में खेलों की तैयारी देखी, गवरी नृत्य से हुई अभिभूत
मुख्य सचिव उषा शर्मा झाड़ोल स्थित खेल मैदान पहुंची तो उन्होंने देखा कि यहाँ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के ब्लॉक स्तरीय आयोजन की तैयारी में पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए थे। गाँव में खेलों के ऐसे हर्षोल्लास पूर्ण माहौल को देख कर मुख्य सचिव ने भी संतोष जताया और कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा यहां जनजाति अंचल में भी सार्थक साबित हो रही है। उन्होंने यहाँ कबड्डी, हॉकी, खो-खो सहित की खेलों का अभ्यास देखा। इसके बाद स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा गवरी नृत्य प्रस्तुत किया जिससे मुख्य सचिव अभिभूत हो गईं। उन्होंने गवरी कलाकारों से इस नृत्य कला की विस्तार से जानकारी ली और उनकी प्रशंसा की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!