नशे के खिलाफ उदयपुर से बुलंद हुई जनजागरण की आवाज: मंत्री अविनाश गहलोत ने रवाना किया जागरूकता वाहन, नशा मुक्ति पोस्टर का किया विमोचन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उदयपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने आरोग्य सेवा संस्थान के नशा मुक्ति जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा प्रयाग सेवा संस्थान द्वारा तैयार किए गए नशा मुक्ति जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर मंत्री गहलोत ने कहा कि नशा समाज और परिवारों को खोखला करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। इसके कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और अनेक परिवार संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशा मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 17 जून से 26 जून तक नशा मुक्त पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों, संवाद कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आज रवाना किया गया जागरूकता वाहन उदयपुर जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी देगा। वहीं, नशा मुक्ति पोस्टर भी अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, आरोग्य सेवा संस्थान एवं प्रयाग सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक स्वर में उदयपुर सहित पूरे राजस्थान को नशा मुक्त, स्वस्थ और खुशहाल बनाने का संकल्प लिया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!