डीपीएस उदयपुर का क्रिकेट में जलवा, एसजीएफआई टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

46 टीमों के बीच अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन, फाइनल में सीपीएस उदयपुर को बिना विकेट गंवाए हराया
उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर की अंडर-14 क्रिकेट टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एसजीएफआई टूर्नामेंट में चौंपियन बनने का गौरव हासिल किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मावली में 20 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की कुल 46 टीमों ने हिस्सा लिया।
डीपीएस उदयपुर की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह मुकाबले खेले और प्रत्येक मैच में विपक्षी टीम को शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई। लगातार जीत का सिलसिला जारी रखते हुए टीम ने फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला सेंट्रल पब्लिक स्कूल, उदयपुर की टीम से हुआ।
फाइनल मुकाबले में सीपीएस उदयपुर ने निर्धारित 8 ओवर में 85 रन का लक्ष्य दिया। डीपीएस के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 7.3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम को खिताबी जीत दिला दी।
टूर्नामेंट में सचित खंडेलवाल ने 159 रन, रिदित बडाला ने 127 रन बनाने के साथ दो विकेट तथा अवि प्रताप ने चार पारियों में 122 रन बनाए। गेंदबाजी में अयान, ऋषभ जैन, लक्ष्यवीर, अनिरुद्ध और गर्व ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
टीम की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रो-वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल, प्राचार्य संजय नरवरिया एवं उपप्राचार्य राजेश धाभाई ने विजेता खिलाड़ियों, कोच शुभम सिंह परिहार तथा सभी अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!