एम.पी.यू.ए.टी. की एनसीसी कैडेट्स ने मनाली में राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक शिविर में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

110 किलोमीटर ट्रेकिंग कर एम.पी.यू.ए.टी. की एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय माउंटेन एडवेंचर कैंप में बढ़ाया विश्वविद्यालय का गौरव

उदयपुर, 06 अगस्त। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एम.पी.यू.ए.टी.), उदयपुर की 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, एम.पी.यू.ए.टी. यूनिट के अंतर्गत राजस्थान कृषि महाविद्यालय की कैडेट खुशी नागदा (बी.एससी. कृषि तृतीय वर्ष) एवं वैशाली मीणा (बी.एससी. कृषि चतुर्थ वर्ष) ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली (हिमाचल प्रदेश) द्वारा 27 जुलाई 2026 से 08 अगस्त 2026 तक आयोजित माउंटेन एडवेंचर कैंप में सफलतापूर्वक भाग लेकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

शिविर के दौरान दोनों कैडेट्स ने रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, रिवर क्रॉसिंग, ट्रेकिंग, कैंपिंग, माउंटेन रेस्क्यू, सामाजिक जागरूकता तथा नेतृत्व विकास सहित विभिन्न साहसिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने 110 किलोमीटर की ट्रेकिंग सफलतापूर्वक पूर्ण की तथा 10,000 फीट की ऊँचाई तक पहुँचकर साहस, अनुशासन, टीम भावना, शारीरिक दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया।

विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि एनसीसी के माध्यम से छात्र-छात्राएँ राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेकर न केवल अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर रहे हैं, बल्कि विश्वविद्यालय का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रहे हैं।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह, राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता तथा छात्र कल्याण अधिकारी (SWO) डॉ. विक्रमादित्य दवे ने दोनों कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करती है तथा ऐसे राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर (CTO) श्री राम नारायण कुम्हार ने बताया कि विश्वविद्यालय की 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, एम.पी.यू.ए.टी. यूनिट निरंतर राष्ट्रीय स्तर के शिविरों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के कैडेट्स विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय एनसीसी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय को नई पहचान दिला रहे हैं तथा भविष्य में भी ऐसे अवसरों के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!